सेंधवा

सेंधवा में गांधी जयंती पर नन्हे हाथों ने थामी झाड़ू, भगवती कॉलोनी में बच्चों ने खुद शुरू किया सफाई अभियान

स्कूल की छुट्टी के बावजूद सुबह 7 बजे बच्चे पहुंचे मैदान और गलियों में, स्वप्रेरणा से सफाई कर दिया स्वच्छता और जिम्मेदारी का संदेश

सेंधवा, गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छता की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। शहर के भगवती कॉलोनी में छोटे-छोटे बच्चों ने हाथों में झाड़ू थामकर खुद सफाई अभियान की शुरुआत की। स्कूल की छुट्टी होने के बावजूद बच्चों ने सुबह करीब 7 बजे से कॉलोनी की गलियों और मैदान में सफाई करना शुरू किया। बच्चों को इस तरह स्वप्रेरणा से सफाई करते देखकर कॉलोनीवासी भी उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। गांधी जयंती पर इन नन्हे हाथों ने स्वच्छता और जिम्मेदारी का बड़ा संदेश दिया है।

गांधी जयंती पर सेंधवा की भगवती कॉलोनी में नन्हे बच्चों ने कुछ ऐसा किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। स्कूल की छुट्टी का दिन था, लेकिन इन बच्चों ने छुट्टी का समय खेलकूद में बिताने के बजाय अपने आसपास की सफाई करने का फैसला किया। सुबह करीब 7 बजे बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर कॉलोनी की गलियों और मैदान में पहुंच गए। इसके बाद शुरू हुआ सफाई का सिलसिला। किसी बच्चे ने झाड़ू लगाई, तो कोई इकट्ठा हुए कचरे को एक जगह जमा करता नजर आया।

बच्चों ने कॉलोनी के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कर आसपास के वातावरण को स्वच्छ और व्यवस्थित करने का प्रयास किया। मिट्टी और अन्य चीजों को अलग स्थान पर रखा गया, जबकि कचरे को भी एकत्र किया गया। खास बात यह रही कि बच्चों को सफाई के लिए किसी ने कहा नहीं था, बल्कि उन्होंने खुद आगे बढ़कर यह अभियान शुरू किया। नन्हे हाथों में झाड़ू और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का जज्बा देखकर कॉलोनीवासी भी बच्चों की तारीफ करते नजर आए। गांधी जयंती के अवसर पर बच्चों की यह पहल महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जमीन पर उतारती नजर आई। इन बच्चों ने अपने छोटे से प्रयास से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जरूरत सिर्फ इतनी है कि हम शुरुआत अपने घर, अपनी गली और अपने आसपास से करें। भगवती कॉलोनी के इन बच्चों ने सफाई करके सिर्फ कचरा ही नहीं हटाया, बल्कि समाज के सामने जागरूकता और जिम्मेदारी की एक मिसाल भी पेश की। नन्हे हाथों की यह पहल निश्चित तौर पर बड़ों के लिए भी एक बड़ी सीख है कि बदलाव की शुरुआत उम्र से नहीं, बल्कि सोच और संकल्प से होती है।

बालिका प्रतीक्षा कुशवाह ने बताया कि हमने कल सोचा कि मैदान ओर गली में कचरा है तो गांधी जयंती पर छुट्टी रहेगी तो साफ सफाई का प्लान बनाया और आज सुबह 7 बजे से सफाई शुरू कर दी। वही जयश पाटिल ने कहा कि गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान चलता है इसलिए हमने भी मिलकर प्लान किया और सुबह से साफ सफाई की है। इसके लिए हमको किसी ने नही कहा हमने सब बच्चो ने मिलकर प्लान किया और झाड़ू लगाकर कचरा साफ किया और इकट्ठा कर जलाया। हमने मैदान ओर गलियों में झाड़ू लगाकर साफ सफाई की। इस दौरान भव्य कुशवाह, हार्दिक चौहान, दिव्यांशी बाबर, कान्हा बावनिया, आकांक्षा, सिद्धार्थ शर्मा, भट्टू चौधरी, फाल्गुनी, हिमांशु, रेहान , निशीथ सहित कॉलोनी के सभी बच्चे मौजूद रहे और साफ सफाई की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!