इंदौरअपराध

इंदौर क्राइम ब्रांच ने चार बैंक खातों में पांच करोड़ से ज्यादा संदिग्ध ट्रांजेक्शन का किया खुलासा

एनसीआरबी जांच में 57 शिकायतें और एफआईआर सामने आईं, 18 राज्यों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के मामलों के तार मिले

जनोदय पंच। इंदौर में क्राइम ब्रांच ने संदिग्ध बैंक खातों में आरोपी को गिरफ्तार किया है। चार खातों की जांच में साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी 57 शिकायतें और एफआईआर सामने आई हैं। खातों से पांच करोड़ से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले हैं।

इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा संदिग्ध बैंक अकाउंट्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच ने आरोपी अंकित देशमुख को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंदौर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके नाम पर चार अलग-अलग बैंक अकाउंट्स मिले हैं। इनमें इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और कर्नाटक बैंक के अकाउंट शामिल हैं।

एनसीआरबी पोर्टल पर जांच में 57 शिकायतें और एफआईआर

पुलिस ने इन बैंक अकाउंट्स की जांच एनसीआरबी पोर्टल के माध्यम से की। जांच में सामने आया कि इन खातों से देशभर में साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी करीब 57 शिकायतें और एफआईआर दर्ज हैं। इन मामलों में करोड़ों रुपये के फ्रॉड का लेनदेन सामने आया है।

18 राज्यों से जुड़े मामलों के तार

पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खातों से मध्यप्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गुरुग्राम सहित करीब 18 राज्यों से जुड़े मामलों के तार मिले हैं। इन अकाउंट्स में मुख्य रूप से इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से संबंधित पांच करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए हैं।

धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज

मामले में क्राइम ब्रांच थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इन बैंक खातों के इस्तेमाल और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!