सेंधवा

नशे की बुराई को दूर करने के लिए शिव पंथ के द्वारा किए जाने वाला नशा मुक्ति का कार्य सराहनीय है – मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

वन औषधीयो के संरक्षण के लिए बड़वानी में बनेगा वन औषधि शोध संस्थान-मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव

 रमन बोरखड़े। सेंधवा।  नशा नाश की जड़ है, नशा अपने साथ बुराई एवं विकृति लाता है अतः हम सभी को अपने जीवन में संकल्प लेना चाहिए कि हम इस बुराई को हमारे समाज से दूर कर देंगे। नशा मुक्ति के क्षेत्र में शिव पंथ के द्वारा जो कार्य किया जा रहा है वह अत्यंत सराहनीय है। मैं अपने दोनों हाथ जोड़कर शिव पंथ के संस्थापक परम पूज्य गुरुवर्य श्री वनसिंह महाराज एवं उनके बताए हुए मार्ग पर चल रहे शिव पंथ कर श्री कालूसिंह महाराज एवं सुमली माताजी को शत-शत नमन करता हूं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उक्त बातें बड़वानी जिले के ग्राम अजगरिया में शिव पंथ समुदाय के द्वारा आयोजित नशा मुक्ति कार्यक्रम के दौरान विशाल जन समुदाय को संबोधित करते हुए कही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें मनुष्य जीवन एक बार मिलता है। अतः हमें अपने जीवन को नशे की प्रवृत्ति में नहीं लगना चाहिए बल्कि हमारे जीवन में ऐसा कोई कार्य करना चाहिए जिससे कि हमारे मनुष्य जीवन की सार्थकता सिद्ध हो सके । शिव पंथ समुदाय इसी प्रकार का बड़ा ही सराहनीय एवं सार्थक कार्य कर रहा है। हमारे देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी का भी यही संकल्प है कि 2029 तक देश व हमारा मध्य प्रदेश से नशावृत्ति कि बुराई जड़ से खत्म हो जाए। और यह सब तभी संभव होगा जब हम सब मिलकर नशे की प्रवृत्ति को छोड़कर नशा मुक्ति के पथ पर चलेंगे । भगवान शंकर जी के नाम पर स्थापित यह शिव पंथ इस प्रकार लोगों के जीवन में बदलाव लाता है जिस प्रकार भगवान शंकर अलख निरंजन होकर मनुष्य का जीवन बदलते हैं। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर चंद्र देव पूर्ण आकार के साथ 16 कलाओं से अपना प्रकाश फैला रहे हैं। कहते हैं कि शरद पूर्णिमा की रात्रि में जब खीर बनाई जाती है तो उसमें चंद्र देव अमृत की वर्षा करते हैं एवं शिव पंथ भी खीर खिलाकर ही नशा मुक्ति का पावन कार्य करते हैं।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस वर्ष किसान कल्याण वर्ष मना रही है । अतः ग्रामीण क्षेत्र के किसान भाई दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी अपने कदम आगे बढ़ाये । दुग्ध के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एवं गौशाला का संचालन करने के लिए प्रदेश की सरकार उन्हें अनुदान देगी। घर में अगर गौ धन है तो आप उसका दूध समिति के माध्यम से बेच सकते हैं । दूध का विक्रय करने पर जहां आपको पैसे की आय होगी वहीं सरकार दुग्ध उत्पादन के लिए आपको बोनस भी देगी । दूध की ताकत को अपनाए एवं नशे की प्रवृत्ति को छोड़े।

नशा मुक्ति के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे, क्योंकि एकता में बहुत शक्ति होती है। हर कार्य जनसहयोग एवं जनभागीदारी से जनआंदोलन बन सकता है। सरकार और समाज अगर हाथ मिला ले तो ऐसा कोई कार्य नहीं जो असंभव हो, बड़े से बड़ा लक्ष्य भी सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री जी ने दी जिले को कई विकास कार्यों की सौगात

– कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्राम में खुपजदेव धाम बनाने एवं वहां तक सड़क बनाने की घोषणा की।
– ग्राम अजगरिया में बालक एवं बालिकाओं के लिए 100-100 सीटर छात्रावास ’ग्राम पजरिया (ध) में 50 लाख रुपए की लागत से सर्व सुविधायुक्त शेड,
– ग्राम धवली में पुलिस चौकी ’बारेली भाषा के संरक्षण एवं विकास के लिए दस्तावेज का संरक्षण एवं शोधिकरण ’सिकल सेल बीमारी को रोकने के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, जांच परामर्श एवं उपचार,
– वन औषधि के संरक्षण के लिए वन औषधि शोध संस्थान बड़वानी में बनेगा।
– वन अधिकार के पट्टे जिन जनजाति वर्ग के ग्रामीणों के शेष हैं उन्हें पट्टे दिए जाएंगे साथ ही जिन्हें पट्टे मिल चुके हैं उन्हें उनके पत्तों की रजिस्ट्री सरकार कराकर देगी।

क्या है शिवपंथी संगठन
शिवपंथी सत्संग संगठन वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति की अलख जगा रहा है और यह महाकुंभ इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। संगठन का मानना है कि आध्यात्मिकता और सत्संग के माध्यम से व्यक्ति को आंतरिक शांति मिलती है, जिससे वह स्वतः ही नशे जैसी बुराइयों से दूर हो जाता है।
सवा माह ( लगभग 38 दिवस ) तक ब्रह्मचारी जीवन की कठोर संकल्प के साथ गुरु दीक्षा
शिवपंथ में गुरु शिष्य परम्परा के अंतर्गत कठोर संकल्प के बाद दीक्षा देने व संकल्प का पालन करने पर ही शिष्य बनाने की परंपरा है। जिसमें सवा माह ( लगभग 38 दिवस ) ब्रह्मचारी रहना होता है व सफल होने पर ही गुरुपद दिया जाता है, महिलाओं को भी दीक्षा दी जाती है।

सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में हजारों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणजन
शरद पूर्णिमा पर्व पर ग्राम अजगरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाए, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे । कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव का स्मरण कर रातभर विभिन्न धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियाँ हुई। साथ ही दूध प्रसादी एवं चावल की खिचड़ी का वितरण भी किया गया ।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, जिले के प्रभारी मंत्री डॉ गौतम टेटवाल, अनुसूचित जनजाति वर्ग आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर सुमेर सिंह सोलंकी, पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे, शिव पंथ के श्री कालू सिंह महाराज एवं सुमली माताजी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!