धवली में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गूंजा ‘योग अपनाएँ, नशा भगाएँ’ का संदेश, ग्रामीणों ने लिया संकल्प
योगासन, प्राणायाम, पोस्टर प्रदर्शनी, काउंसलिंग और शपथ ग्रहण के माध्यम से दिया गया नशामुक्ति का संदेश।

धवली | जनोदय पंच; नशामुक्त भारत सप्ताह अभियान के अंतर्गत शनिवार को सेकंडरी स्कूल, ग्राम धवली में सातपुड़ा आदिवासी नशामुक्ति केंद्र, धवली द्वारा 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति के योग प्रशिक्षक रतन चौहान द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामवासियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
रतन चौहान ने योग, स्वास्थ्य एवं नशामुक्त जीवन के महत्व पर मार्गदर्शन देते हुए बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” है। सतपुड़ा नशा मुक्ति केंद्र के प्रचारक द्वारा भी नशा मुक्ति के विषय पर संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जागरूकता गतिविधियों का हुआ आयोजन
इस अवसर पर नशामुक्ति जागरूकता के लिए पोस्टर प्रदर्शनी, काउंसलिंग तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी डॉ. कृष्णा भावले द्वारा कराया गया। केंद्र के संचालक खुमसिंह चौहान ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया।

ग्रामीणों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
नशामुक्त भारत सप्ताह के पाँचवें दिन ग्राम धवली के हाई सेकंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने “योग अपनाएँ, नशा भगाएँ – स्वस्थ युवा, सशक्त भारत बनाएँ” का संकल्प लिया। कलेक्टर एवं सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक रौनक सोलंकी के निर्देशन में 17 से 26 जून तक नशामुक्त भारत सप्ताह अभियान जारी है। कार्यक्रम का आयोजन सतपुड़ा आदिवासी नशा मुक्ति केंद्र, धवली द्वारा किया गया।




