महू से शुरू हुआ MPNNM का 14 दिवसीय जन जागरूकता कारवां, उज्जैन में रेहड़ी-पटरी और आवास के मुद्दों पर चर्चा

उज्जैन। मध्य प्रदेश नव निर्माण मंच (MPNNM) द्वारा नगरीय निकाय चुनाव 2027 के मद्देनज़र आयोजित 14 दिवसीय जन जागरूकता कारवां की शुरुआत महू स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जन्मस्थली से की गई। अभियान का उद्देश्य नागरिकों, श्रमिकों और शहरी गरीबों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को सामने लाना तथा उनके अधिकारों और जनभागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कारवां के अगले पड़ाव उज्जैन के न्यू इंद्रा नगर में स्थानीय नागरिकों के साथ चर्चा आयोजित की गई। चर्चा में मुख्य रूप से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के अधिकार, उनकी समस्याएं एवं पुनर्वास, स्थायी आवास, आवासीय पट्टे तथा मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें भी साझा कीं।

MPNNM की ओर से बताया गया कि अभियान के दौरान विभिन्न शहरों में स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को जन मांग-पत्र के रूप में संकलित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर नागरिकों की आवाज़, अधिकारों और जनभागीदारी को मजबूत करना है।

अभियान में आनंद लाखन, कृष्णार्जुन, सपना, मीना, आशा ताई, शारदा जी, अन्वेश सावरकर, दिनेश बामनिया, हेमा बोरासी, चंदा विश्वकर्मा, ललिता, गणेश, विजु, गौरव एवं शरण सहित अन्य साथी शामिल रहे।



