बड़वानी; विद्यार्थियों को परीक्षा में तनाव मुक्त रहने के गुर सिखाए

बड़वानी ; शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन सत्र के दौरान प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने विद्यार्थियों को परीक्षा में तनाव मुक्त रहने और बेहतर प्रदर्शन करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केवल ज्ञान के मूल्यांकन का एक सामान्य माध्यम है, इसलिए इसे किसी भी रूप में मानसिक बोझ नहीं बनने देना चाहिए। प्राचार्य ने तनाव से बचने के लिए छात्रों को कड़ाई से टाइम-टेबल का पालन करने, लगातार घंटों पढ़ने के बजाय बीच-बीच में छोटे ब्रेक लेने, 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद लेने, हल्का व पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा मानसिक शांति के लिए नियमित योग एवं ध्यान करने की विशेष सलाह दी।

इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा के अंतिम समय में कुछ नया पढ़ने के बजाय पहले से पढ़े हुए पाठ्यक्रम के निरंतर अभ्यास (रिवीजन) पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र कल्याण समिति के प्रभारी डॉ. दिनेश पाटीदार द्वारा किया गया तथा सह-प्रभारी डॉ. अनिल पाटीदार ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व एवं सकारात्मक सोच की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। मानसिक स्वास्थ्य क्लब के डॉक्टर लखन परमार द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान अध्ययन अध्यापन की पद्धति से अवगत कराया है ताकि तैयारी को पूर्ण क्षमता और योग्यता के साथ पूर्ण कर सके और परीक्षा सामने वाले तनाव से बचा जा सके। अंत में समिति की ओर से प्राचार्य महोदय एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. रितेश पाटीदार ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।



