शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों हेतु द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रारंभ

बड़वानी ; तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन, पंजीयन संशोधन तथा चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
शासकीय पालीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी के प्राचार्य श्री कमलेश गुप्ता से प्राप्त जानकारी अनुसार विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों से समय पर पंजीयन कर अपनी पसंद के संस्थान एवं पाठ्यक्रम का चयन करने का आग्रह किया है। प्रवेश नोडल अधिकारी श्री तानिलाल ठाकुर ने जानकारी दी कि द्वितीय चरण में ऑनलाइन पंजीयन एवं पंजीयन निरस्तीकरण की प्रक्रिया 9 से 18 जून रात्रि 11.45 बजे तक चलेगी। सत्यापित अभ्यर्थियों के लिए पंजीयन संशोधन की सुविधा 19 से 20 जून सायं 5.30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। ऑनलाइन चॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग की प्रक्रिया 10 से 22 जून रात्रि 11.45 बजे तक संचालित होगी। कॉमन मेरिट सूची का प्रकाशन 23 जून को किया जाएगा तथा आवंटित संस्थाओं में प्रवेश की प्रक्रिया 27 जून से 3 जुलाई तक संपन्न होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी हेतु डीटीई पोर्टल dte.mponline.gov.in का अवलोकन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी से संपर्क करने का अनुरोध किया है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन अथवा सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी एवं अभिभावक शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में श्री संजय परमार (प्रवेश प्रभारी) से संपर्क कर सकते हैं।



