सेंधवा । 6 दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ

सेंधवा । मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मध्य संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सेंधवा द्वारा नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु 6 दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित यह शिविर प्रथम चरण में 12 जून से 14 जून 2026 तक नवीन नगर पालिका परिसर तथा द्वितीय चरण में 16 जून से 18 जून 2026 तक पुराने नगर पालिका परिसर में आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे तथा शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सरल बनाएंगे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मधु चौधरी ने बताया कि जनकल्याण शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाना, उनकी शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर निराकरण करना तथा शासन की सेवाओं को आमजन तक सहज एवं सुलभ रूप से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविर में नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता संबंधी मार्गदर्शन, शिकायतों का समाधान तथा हितलाभ वितरण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका का प्रयास है कि नगर का कोई भी पात्र नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन संबंधी सहायता भी प्रदान की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। जनकल्याण शिविर इसी उद्देश्य की पूर्ति का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी शिविर की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही ऐसे शिविर सफल होते हैं और नागरिकों के सहयोग से शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। नगर पालिका परिषद ने सभी नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर एल्डरमैन सुनील अग्रवाल पार्षद पति सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद थे।



