सेंधवा में अतिवृष्टि प्रभावित 41 परिवारों को नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने पहुंचाई आर्थिक सहायता
रामकटोरा नालेपार जीरा चौक क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर दी नगद सहायता, हालिया भारी बारिश से प्रभावित परिवारों को मिला सहयोग

सेंधवा। विगत दिनों सेंधवा शहर में हुई अतिवृष्टि के कारण रामकटोरा नालेपार जीरा चौक क्षेत्र के 41 परिवारों को हुए नुकसान के बाद नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव और यादव परिवार ने प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर आर्थिक सहयोग प्रदान किया। सभी प्रभावित परिवारों के निवास पर स्वयं पहुंचकर उन्हें नगद राशि देकर सहायता दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान यादव परिवार की ओर से जरूरतमंद परिवारों को व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रभावित परिवारों ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
सहायता वितरण के दौरान तनिष्क यादव, प्रखर शर्मा, आदित्य शर्मा, करण चौहान और सजल अग्रवाल सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सहयोग प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों हुई भीषण बारिश के दौरान सेंधवा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई थी। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ा। रामकटोरा नालेपार जीरा चौक क्षेत्र भी बारिश से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल रहा, जहां अनेक परिवारों के घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुओं को नुकसान पहुंचा था। हालांकि बारिश के दौरान ही रात में नपाध्यक्ष बसंती बाई यादव ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर बचाव कार्य में तेजी के निर्देश दिए थे। वहीं लोगों को मदद की बात कही थी।
इसी को देखते हुए प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। बारिश के दौरान सीएमओ मधु चौधरी, तहसीलदार राहुल सोलंकी सहित अन्य अमला भी अलर्ट था।




