सेंधवा सीएम राइज स्कूल हादसे के बाद कार्रवाई, प्रभारी जनशिक्षक निलंबित; विधायक ने शिक्षा विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

जनोदय पंच। सेंधवा के सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज) में कक्षा के दौरान छत का प्लास्टरगिरने से दो छात्राएं घायल होने के मामले में कलेक्टर जयति सिंह ने प्रभारी जनशिक्षक राजू शिंदे को निलंबित कर दिया है। वहीं विधायक मोंटू सोलंकी ने शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर स्कूल भवनों के सर्वे और नए भवनों के निर्माण की मांग की है।
सेंधवा के सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज) में मंगलवार को कक्षा के दौरान छज्जा गिरने से दो छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद विधायक मोंटू सोलंकी ने शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह हादसा प्राकृतिक नहीं, बल्कि विभाग की उदासीनता का परिणाम है, जिसे समय रहते जर्जर भवनों का सर्वे और आवश्यक मरम्मत कराकर टाला जा सकता था।
पहले ही दिए थे सर्वे और मरम्मत के निर्देश
विधायक मोंटू सोलंकी ने बताया कि उन्होंने 6 जुलाई को बीईओ सोहनी से चर्चा कर विधानसभा क्षेत्र के सभी जर्जर और क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों का सर्वे कराने, पूरी तरह जर्जर भवनों को हटाकर नए भवन बनाने तथा मरम्मत योग्य भवनों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा उन्होंने सहायक आयुक्त (शिक्षा) से भी फोन पर चर्चा कर जर्जर भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने की सलाह दी थी। उनके अनुसार, इस संबंध में शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को दो बार लिखित पत्र भी भेजे गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
नए भवनों की मांग, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
विधायक ने ग्राम पाड़छा प्राथमिक विद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2024 में वहां का जर्जर भवन तो तोड़ दिया गया, लेकिन अब तक नया भवन नहीं बनने से बच्चे वैकल्पिक व्यवस्था में अध्ययन करने को मजबूर हैं। उन्होंने जिले के सभी जर्जर स्कूल भवनों का तत्काल सर्वे, आवश्यक मरम्मत और नए भवनों के निर्माण की मांग की। साथ ही सीएम राइज स्कूल की घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
कलेक्टर ने प्रभारी जनशिक्षक को किया निलंबित
मामले में कलेक्टर जयति सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी जनशिक्षक राजू शिंदे को निलंबित कर दिया। जांच में सामने आया कि विद्यालय के नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी राजू शिंदे के पास थी, लेकिन उन्होंने अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निलंबन के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान राजू शिंदे का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पाटी निर्धारित किया गया है।



