नागलवाड़ी में अवैध गौवंश परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सुपर कैरी सहित तीन बैल जप्त, आरोपी गिरफ्तार
वाहन लेकर भागे चालक का पीछा कर दबोचा, 5.60 लाख रुपये का मशरूका जप्त, विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सुपर कैरी वाहन से तीन गौवंश (बैल) जप्त किए। पुलिस ने पीछा कर चालक को गिरफ्तार किया तथा कुल 5.60 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जप्त कर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार जिले में अवैध गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना नागलवाड़ी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक सुपर कैरी वाहन क्रमांक एमपी-46-जी-1518 से अवैध रूप से गौवंश का परिवहन करते हुए कार्रवाई की। वाहन से वध के उद्देश्य से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे तीन गौवंश (बैल) जप्त किए गए।

पुलिस को देखकर भागा चालक, पीछा कर पकड़ा
वाहन चेकिंग के दौरान जुलवानिया की ओर से आए सुपर कैरी वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक आरटीओ बैरियर से टेमला-मातमुर रोड की ओर वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस दल ने अधिग्रहीत वाहन क्रमांक एमपी-69-टी-0464 से पीछा कर ग्राम टेमला में राजेश चौहान के घर के पास वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में तीन गौवंश (बैल) क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले।

आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज
पूछताछ में चालक ने अपना नाम सागर पिता मोहन शिन्दे, उम्र 26 वर्ष, जाति नाथजोगी, निवासी दावलबैड़ी, सेंधवा, थाना सेंधवा शहर बताया। आरोपी ने बताया कि वह गौवंश को धार क्षेत्र से खरीदकर सांगवी (महाराष्ट्र) में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन गौवंश (बैल), सुपर कैरी वाहन तथा पांच रस्सियों के टुकड़े जप्त किए। आरोपी के विरुद्ध म.प्र. गोवंश प्रतिषेध अधिनियम, कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 182/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई।

कार्रवाई में पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार पाटील, सहायक उप निरीक्षक संजय शर्मा (चौकी प्रभारी बालसमुद), प्रधान आरक्षक 382 अमरसिंह मण्डलोई, प्रधान आरक्षक (चालक) 369 प्रेमसिंह बघेल, आरक्षक 530 गगनसिंह मण्डलोई, आरक्षक 486 मनोज बघेल तथा आरक्षक 145 रोहित पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




