नागलवाड़ी के भिलटदेव जंगल में सूचीबद्ध अपराधी का शव मिला, गर्दन पर धारदार हथियार के निशान से हत्या की आशंका
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य, पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर शुरू की मामले की जांच

जनोदय पंच। नागलवाड़ी के भिलटदेव शिखर मार्ग स्थित जंगल में सूचीबद्ध अपराधी जंगू पिता भुवान तड़वी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गर्दन पर धारदार हथियार के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका के साथ सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
नागलवाड़ी के भिलटदेव शिखर मार्ग स्थित जंगल में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर नांगलवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (FSL) टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जबकि शरीर पर अन्य चोटों के भी निशान पाए गए हैं।

मृतक की पहचान, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि मृतक की पहचान नागलवाड़ी क्षेत्र निवासी जंगू पिता भुवान तड़वी (48 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जंगू नांगलवाड़ी थाना का सूचीबद्ध अपराधी था। पुलिस घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं, ताकि जांच को तकनीकी आधार पर आगे बढ़ाया जा सके।

परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई
मृतक के भतीजे ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके काका का शव भिलटदेव के जंगल में पड़ा है। उसने यह भी बताया कि एक-दो दिन पहले गांव में कुछ लोगों के साथ जंगू का विवाद हुआ था। इसी घटनाक्रम के आधार पर परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा बनाकर तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
बीते 24 घंटे की गतिविधियों की पड़ताल जारी
पुलिस जंगू की बीते 24 घंटे की गतिविधियों का क्रमवार पता लगाने में जुटी है। मामले की तह तक पहुंचने और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जांच के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



