सेंधवा; शिक्षा केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि चरित्र और सशक्त राष्ट्र का आधार- प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल
बड़वानी जिले में ₹90.96 करोड़ की लागत से निर्मित 3 नवीन सांदीपनी विद्यालयों का हुआ लोकार्पण

रमन बोरखड़े। सेंधवा। आचार्य देवो भव की भावना एवं हमारी प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा ही संस्कारों की जननी है। शिक्षारूपी इस मंदिर से ही एक मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बच्चों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ अपनी संस्कृति, प्राकृतिक संतुलन और नैतिक मूल्यों से जोड़ा जा रहा है। शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना ही नहीं, बल्कि गुरुजनों, माता-पिता और राष्ट्र के प्रति निष्ठावान व समर्पित नागरिक बनना है।यह बात बड़वानी जिले के प्रभारी तथा मध्य प्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल ने सेंधवा स्थित सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह के अवसर पर अपने उद्बोधन में कही।

प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को जीवन के 3 मूल मंत्र बताते हुए उन्हे पालन करने का संदेश दिया। वन
– अपने माता-पिता का सदैव सम्मान करें।
– गुरुजनों का आदर करें।
-राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठ एवं ईमानदार नागरिक बनें। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास का स्मरण करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि बड़वानी की यह पावन धरा जनजातीय जननायकों की भूमि है, जहाँ शहीद भीमा नायक और खाज्या नायक जैसे वीर योद्धाओं ने देश की स्वतंत्रता के लिए अंग्रेजों से कड़ा संघर्ष किया था।

विद्या का मंदिर जनजातीय क्षेत्र के बच्चों का भविष्य संवारेगा- अंतर सिंह आर्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य ने कहा कि आज का दिन सेंधवा और पूरे जिलेवासियों के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है। यह केवल ईंट-सीमेंट की इमारत नहीं, बल्कि विद्या का मंदिर है, जहाँ जनजातीय क्षेत्र के बच्चे अपनी नींव मजबूत कर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेंगे और जीवन में उच्च मुकाम हासिल करेंगे।

90.96 करोड़ की लागत से 3 नवीन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान कुल 90.96 करोड़ की लागत से निर्मित तीन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया गया। सांदीपनि विद्यालय, सेंधवा लागत 29.83 करोड़ की लागत से निर्मित, सांदीपनि विद्यालय, तलवाड़ा बुजुर्ग लागत 30.47 करोड़ की लागत से निर्मित, सांदीपनि विद्यालय, दोंदवाड़ा 30.66 करोड़ की लागत से निर्मित हुआ है।

विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का अवलोकन
प्रभारी मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा आयोजित विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडल और कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक विषयों पर संदेश दिए।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह में जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महक गोले (कक्षा 10वीं) प्रदेश में 6ठा स्थान, उमामा मंसूरी (कक्षा 12वीं) प्रदेश में 7वाँ स्थान, लक्ष्मी कनासे (कक्षा 12वीं) 92.20 प्रतिशत अंक, कीर्तन वर्मा (कक्षा 12वीं) 92 प्रतिशत अंक, पिशु कमले (कक्षा 12वीं – कला संकाय) 91 प्रतिशत अंक लाने पर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। वही हंसिका देवरे (12वीं), आलिया मंसूरी (12वीं), प्रियांशी सूर्यवंशी, प्रियंका जावरे (9वीं), दिव्या दुधवे (11वीं) एवं कु. खुशनुमा चौहान (12वीं) को भी सम्मानित किया गया।
वही कार्यक्रम के दौरान जिले में श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले भवती हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य श्री असलम खांन एवं सांदीपनी विद्यालय सजवानी के प्राचार्य श्री कन्हैया मण्डलोई को भी सम्मानित किया गया।

हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि का वितरण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने संबल योजना के अंतर्गत हितग्राही श्रीमती वैष्णवी नेरपोगारे एवं तबरेज़ अली सैयद को ₹2-₹2 लाख की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल, सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई यादव, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



