इंदौर में दो दिन पहले हुई चेन स्नैचिंग का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार, साढ़े तीन लाख का माल बरामद
भंवरकुआं पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंचकर सोने की चेन और बाइक बरामद की

जनोदय पंच। इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई चेन स्नैचिंग का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 24 ग्राम सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कीमत साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है।
बाइक में लात मारकर गिराया, फिर चाकू दिखाकर लूटी चेन
भंवरकुआं थाना पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त की रात फरियादी मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान राजीव गांधी सर्विस रोड पर शुभकारज गार्डन के कॉर्नर के पास पीछे से अज्ञात मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश आए। बदमाशों ने फरियादी की बाइक में लात मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत मिलने के बाद भंवरकुआं पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चेन और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने नीलेश पिता जगदीश पिपले (35), निवासी गणगौर नगर, राजेंद्र नगर, अजय पिता बलीराम बाशिन्दे (24), निवासी अमर पैलेस कॉलोनी, राजेंद्र नगर और दीपक पिता कमल बंजारा (25), निवासी अमर पैलेस कॉलोनी, राजेंद्र नगर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 24 ग्राम वजनी सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद किए गए सामान की कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है।
नशे की पूर्ति के लिए राहगीरों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट और चेन स्नैचिंग की वारदात करते थे। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।


