इंदौर में जन विश्वास अभियान के तहत शिकायत निवारण कैंप, पुलिस कमिश्नर ने 14 से अधिक फरियादियों की सुनी समस्याएं
आजाद नगर थाना परिसर में जमीन धोखाधड़ी और साइबर ठगी समेत अन्य शिकायतें पहुंचीं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

जनोदय पंच। इंदौर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पुलिस और आम जनता के बीच संवाद मजबूत करने के लिए आजाद नगर थाना परिसर में शिकायत निवारण कैंप आयोजित हुआ। कैंप में 14 से अधिक शिकायतकर्ता पहुंचे। जमीन धोखाधड़ी, साइबर ठगी समेत अन्य मामलों की शिकायतें सामने आईं।
फरियादियों से सीधे संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित विशेष शिकायत निवारण कैंप में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने कैंप में पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 14 से अधिक शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं पुलिस कमिश्नर के सामने रखीं।
जमीन धोखाधड़ी और साइबर ठगी की शिकायतें
कैंप में जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी, साइबर ठगी सहित अन्य मामलों की शिकायतें सामने आईं। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी भी ली।
प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मौके पर जाकर जांच करने या दूसरे पक्ष से चर्चा करने की आवश्यकता है, उनमें अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर कार्रवाई करें।
उन्होंने शिकायतों के निराकरण की लगातार मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निराकरण हो चुकी शिकायतों को लेकर भी पहुंचे लोग
कैंप के दौरान दो ऐसे शिकायतकर्ता भी पहुंचे, जिनकी पूर्व में की गई शिकायतों का निराकरण हो चुका था। इसके बावजूद वे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने के लिए कैंप में पहुंचे।
अन्य थाना क्षेत्रों में भी होंगे कैंप
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के शिकायत निवारण कैंप आयोजित किए जाएंगे।



