पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा थाना खेतिया का आकस्मिक निरीक्षण

खेतिया; जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने एवं पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले के समस्त थानों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 09.09.2026 को थाना खेतिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना स्टाफ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी बीट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पूर्ण जानकारी रखने, आमजन से विनम्र व्यवहार करने एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा सीसीटीएनएस में समस्त कार्यवाही समय पर अपलोड करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा शासकीय आवास परिसर एवं थाना परिसर के बंदीगृह, मालखाना, विवेचना कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई, जिस पर किसी प्रकार की समस्या होना नहीं बताया गया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सुखलाल भवर सहित थाना खेतिया का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


