खरगोन में नामांतरण के लिए दो लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, 20 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ पकड़ा
लोकायुक्त इंदौर की ट्रैप कार्रवाई में पटवारी खुम सिंह धारवे पकड़े गए, दो अन्य अधिकारियों के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज

खरगोन। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने रिश्वत मांगने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले में एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। मामले में दो पटवारियों और एक तहसीलदार के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 एवं बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार कसरावद बड़ी, जिला खरगोन निवासी पुनीत नाड़ीवाल ने 25 सितंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम सतावड, तहसील सैगांव, जिला खरगोन में उनकी धर्मपत्नी ममता नाड़ीवाल के नाम कृषि भूमि है, जिसका नामांतरण कराया जाना था।
आवेदक ने नामांतरण के संबंध में तहसील सैगांव के तहसीलदार अंतरसिंह कनेश से चर्चा की। शिकायत के अनुसार तहसीलदार ने संबंधित पटवारी से बात करने की बात कही। इसके बाद आवेदक ने हल्का पटवारी खुम सिंह धारवे से संपर्क किया। आरोप है कि खुम सिंह धारवे ने हल्का पटवारी क्रमांक 26 कुलदीप यादव के माध्यम से नामांतरण के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने शिकायत का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर 28 सितंबर 2026 को खुम सिंह धारवे, पटवारी हलका नंबर 5 ग्राम दसनावल, तहसील कसरावद; कुलदीप यादव, पटवारी हलका नंबर 26 ग्राम पनाली, तहसील सैगांव तथा अंतरसिंह कनेश, तहसीलदार सैगांव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर ट्रैप की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान खुम सिंह धारवे को 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई का घटनास्थल श्री पाटीदार मेडिकल के सामने, शारदा हॉस्पिटल, जिला खरगोन बताया गया है।
ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक विजय, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, आशीष नायडू, चंद्रमोहन बिष्ट, मनीष माथुर और श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर लोकायुक्त पुलिस इंदौर से संपर्क किया जा सकता है।



