ग्राम चाचरिया में धूमधाम से मनाई गई धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती
आदिवासी समाज ने ढोल-मांदल की थाप पर निकाली विशाल रैली, जनजातीय गौरव और संस्कृति का दिखा उत्साह

सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चाचरिया में रविवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव और उत्साह के साथ मनाई गई। आयोजन में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्रामीणों ने ढोल-मांदल की थाप और डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए विशाल रैली निकाली। पूरे गांव में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य तथा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निमाड़ और आदिवासी अंचल को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने मुझे राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष बनाकर जनजातीय समाज की सेवा करने का अवसर प्रदान किया है। वहीं क्षेत्र के सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना भी आदिवासी समाज के लिए गौरव का विषय है।
आर्य ने कहा कि उन्हें पिछले ढाई वर्षों से देशभर में भ्रमण कर जनजातीय समाज के हितों में कार्य करने का अवसर मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासी समाज के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने, उनका समाधान करवाने तथा उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए हैं। युवाओं से संवाद कर उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को जाना है तथा आदिवासी समाज के हितों से जुड़े विषयों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया है। आयोग का उद्देश्य जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें न्याय एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

आदिवासी क्रांतिकारियों का इतिहास देश के सामने लाने का काम भाजपा ने किया- गजेन्द्रसिंह पटेल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की संस्कृति, सनातन परंपरा और प्रकृति के संरक्षण में आदिवासी समाज का सदियों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जब देश में अंग्रेजों का शासन था, उस समय भी आदिवासी समाज ने अपनी संस्कृति, परंपराओं और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया। देश की आजादी की लड़ाई में जनजातीय समाज के अनेक वीर क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन लंबे समय तक उनके योगदान और बलिदान को उचित स्थान नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को देश के सामने लाने और भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय वीरों के योगदान को सम्मान दिलाने का काम किया है। भाजपा सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब और आदिवासी परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के मकान, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा तथा किसानों की समृद्धि के लिए सिंचाई एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में बांध और अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आदिवासी अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
आयोग की योजनाओं और अधिकारों की दी जानकारी
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, भारत सरकार के सचिव प्रशांत कुमार सिंह ने आयोग द्वारा जनजातीय समाज के हितों में संचालित कार्यक्रमों, योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा, उनकी समस्याओं के निराकरण और उनके हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य करता है।
वहीं आयोग के सलाहकार राकेश कुमार दुबे ने आयोग के नियमों, प्रावधानों और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि जनजातीय समाज के लोग अपनी समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मामलों में आयोग की सहायता किस प्रकार प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आयोग के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया।
जनजातीय संस्कृति और गौरव का दिखा अद्भुत उत्साह
कार्यक्रम के दौरान ग्राम चाचरिया में आदिवासी समाज की पारंपरिक संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ढोल-मांदल की थाप पर नृत्य करते हुए रैली में शामिल हुए। पूरे आयोजन में जनजातीय समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और भगवान बिरसा मुंडा के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का भाव दिखाई दिया।
इस अवसर पर भाजपा के सातों मंडलों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित भाजपा नेता छोटू चौधरी, विवेक छाबड़ा, गणेश राठौड़, सुनील अग्रवाल, त्रिलोक मालवीय, गणेश मालवीय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे



