खरगोन-बड़वानी

सेंधवा के चाचरिया पाटी में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई, विधायक मोंटू सोलंकी ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

विधायक ने कहा- जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को देता रहेगा प्रेरणा

जनोदय पंच। सेंधवा। ग्राम चाचरिया पाटी में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पटेल, वरिष्ठजनों और समाजजनों ने उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। इस दौरान सामाजिक एकता, संस्कृति की रक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया गया।

विधायक मोंटू सोलंकी ने किया माल्यार्पण

सेंधवा विधानसभा के ग्राम चाचरिया पाटी में आयोजित कार्यक्रम में सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने ग्राम पटेल, वरिष्ठजनों एवं समाजजनों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक सोलंकी ने प्रदेश और देशवासियों को 151वीं जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने ऐतिहासिक उलगुलान के माध्यम से अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ क्रांति का आगाज किया था। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता, संस्कृति, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी था। उनके सिद्धांत अन्याय के सामने नहीं झुकने, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक एकता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

संवैधानिक दायरे में अधिकारों की आवाज उठा रहा समाज

विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान की विचारधारा आज आदिवासी समाज के युवाओं, वरिष्ठजनों और महिलाओं में नई क्रांति के रूप में दिखाई दे रही है। समाज अपने हक और अधिकारों की आवाज संवैधानिक दायरे में रहकर मजबूती से उठा रहा है। यही भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों की सच्ची प्रेरणा है।

कार्यक्रम में अरुण गुप्ता और जान मोहम्मद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, ऐतिहासिक संघर्ष, सामाजिक एकता और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

चार वर्ष पहले स्थापित हुई थी प्रतिमा

विधायक सोलंकी ने बताया कि चार वर्ष पूर्व ग्राम चाचरिया में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। यह गर्व की बात है कि चाचरिया से शुरू हुई जागरूकता और महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना आज पूरे क्षेत्र में फैल रही है। विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह समाज में बढ़ती जागरूकता, एकता, स्वाभिमान और अपने इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनका ऐतिहासिक उलगुलान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा, एकता, सामाजिक जागरूकता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहकर समाज को आगे बढ़ाना चाहिए।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में ग्राम के वरिष्ठजन अरुण गुप्ता, निर्मल मालवीय, पंकज मालवीय, जान मोहम्मद, विधायक प्रतिनिधि किशन अलावे, अजय आर्य, सुनील चौहान, गोमतीलाल सोलंकी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!