निवाली में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री वर्चुअली जुड़े, प्रभारी मंत्री ने याद किया टंट्या मामा का संघर्ष
जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण, जनप्रतिनिधियों ने जनजातीय संस्कृति, अस्मिता और बलिदान को किया याद।

जनोदय पंच। निवाली। बड़वानी जिले के निवाली में रविवार, 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े, जबकि प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सहभागिता की। समारोह में जनजातीय इतिहास, अधिकारों और गौरवशाली परंपराओं पर विचार रखे गए।

प्रतिमा अनावरण पर गूंजे जयकारे
प्रतिमा से पर्दा हटते ही उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें और उलगुलान जिंदाबाद के नारे लगाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के देश के लिए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और देशभक्ति की परंपरा के प्रतीक हैं। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
प्रभारी मंत्री ने बताया उलगुलान का महत्व
प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के जल, जंगल, जमीन के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उलगुलान आंदोलन ने ब्रिटिश शासन को चुनौती देने के साथ समाज में आत्मसम्मान की भावना जगाई। निवाली में स्थापित प्रतिमा जनजातीय समाज के इतिहास और बलिदान को सम्मान देने का माध्यम बनेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देगी।

विधायक ने प्रतिमा को बताया गौरव का प्रतीक
विधायक श्याम बरडे ने कहा कि निवाली में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, सामाजिक चेतना और ऐतिहासिक योगदान का प्रतीक बनकर सदैव प्रेरणा प्रदान करेगी। कार्यक्रम के बाद क्षेत्र के पटेल एवं पुजाराओं को श्रीफल और भगवान बिरसा मुंडा का छायाचित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में संभाग प्रभारी सुरेन्द्र जी शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, पानसेमल विधायक डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह जी सोलंकी, संगठन जिला प्रभारी बाबूलाल जी यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला महामंत्री भागीरथ जी कुशवाह एवं सचिन जी चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष तरुणा नरेंद्र सिसोदिया जी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी विकास जी डावर, उपाध्यक्ष इंदिरा अखिलेश सोनी जी और जिलाध्यक्ष प्रकाश चौहान उपस्थित रहे।

इसके अलावा समस्त पार्षदगण, एल्डरमैनगण, विधानसभा के मंडल अध्यक्षगण, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम किए थे।



