सेंधवा में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई, विद्यार्थियों को बताया संघर्ष और बलिदान का महत्व
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अध्ययन केंद्र पर हुआ आयोजन, वक्ताओं ने जल, जंगल, जमीन और सामाजिक चुनौतियों पर रखे विचार।

जनोदय पंच। सेंधवा। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा के अध्ययन केंद्र पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई गई। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्य प्रदेश शासन और महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के समाजकार्य स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
बिरसा मुंडा का जीवन संघर्षों की प्रेरणा
कार्यक्रम में परामर्शदाता डॉ. राहुल सूर्यवंशी ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन बचपन से संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने पुरखों की परंपरा, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत से संघर्ष किया। उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
परामर्शदाता कांतिलाल सेनानी ने कहा कि छोटा नागपुर के पठारी क्षेत्र में जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों की प्रचुरता थी। अंग्रेजी हुकूमत इन संसाधनों पर कब्जा करना चाहती थी और जनजातीय समुदाय को बेदखल करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन बिरसा मुंडा ने इसका विरोध किया।
सामूहिक प्रयासों से चुनौतियों का समाधान संभव
कांतिलाल सेनानी ने कहा कि वर्तमान में गरीबी, भुखमरी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खुशहाली, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जल और जिम्मेदारी के साथ उपभोग एवं उत्पादन जैसी चुनौतियां हैं। इनका समाधान अकेले नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
नवांकुर संस्था प्रमुख निलेश बिडवई ने कहा कि भारत की संपदा को लूटने के लिए कई आक्रमणकारियों ने देश पर हमले किए। अत्याचार के खिलाफ बिरसा मुंडा जैसे अनेक महापुरुषों ने बलिदान दिया। उन्हीं के संघर्षों के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में रह रहे हैं।
विद्यार्थियों और अतिथियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर विद्यार्थी संतोषी, हेमंती, संतोषी सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक दारासिंह चौहान ने की। नवांकुर संस्था के मनोज कुलकर्णी, परामर्शदाता संध्या भावसार, राजेश खरते तथा सीएमसीएलडीपी के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. राहुल सूर्यवंशी ने किया तथा आभार अनूप कुमार जमरे ने व्यक्त किया।



