खरगोन-बड़वानी

सेंधवा में जंगल के अंदर मिला 4 साल का लापता बालक, ग्रामीण पुलिस ने कुछ घंटों में तलाशकर परिजनों को सौंपा

ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घर से करीब 3 किलोमीटर दूर संतोष हम्माल के घर के पास मिला बालक कार्तिक।

जनोदय पंच। सेंधवा। थाना सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र के मेरखेड़ी गांव से लापता हुए 4 वर्षीय बालक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बालक सुबह से लापता था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और उसे घर से करीब 3 किलोमीटर दूर जंगल में खोज निकाला।

सुबह 9 बजे से लापता था बालक

15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे सूचनाकर्ता संतोष पिता रुस्तम सोलंकी, निवासी मेरखेड़ी, माउंट लीटेरा स्कूल के पास, थाना सेंधवा ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका 4 वर्ष 11 माह का बेटा कार्तिक पिता संतोष सोलंकी सुबह करीब 9 बजे से घर से बिना बताए कहीं चला गया है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।

जंगल में सर्चिंग के दौरान मिला कार्तिक

सूचना मिलते ही एसडीओपी श्री अजय वाघमारे एवं थाना प्रभारी श्री ओ.पी. सिंह चोंगडे के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और आसपास सघन तलाश शुरू की। पुलिस ने घर से करीब 3 किलोमीटर दूर जंगल में संतोष हम्माल के घर के पास बालक कार्तिक को सकुशल बरामद कर लिया।

परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में उप निरीक्षक संजीव पाटिल, आरक्षक 71 हिरमल अलावा, आरक्षक 664 सचिन बुंदेला और आरक्षक 676 कुलदीप भट्ट का सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!