खरगोन-बड़वानी
टेमला के गुरुद्वारे के पास अधूरी नाली से ग्रामीण परेशान, लोगों ने खुद की सफाई, पंचायत पदाधिकारियों की लापरवाही के आरोप

शंकर शिरसाठ। खेतिया। ग्राम पंचायत टेमला में गुरुद्वारे के पास अधूरे पड़े नाली निर्माण से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले में ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच-सचिव को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं ही सफाई कर आवागमन का रास्ता सुचारु किया।
रविवार रात 9 बजे ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत टेमला में गुरुद्वारे के पास नाली निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सरपंच और सचिव को समस्या से अवगत कराया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।

पंचायत सचिव की नियमित अनुपस्थिति को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। लगातार परेशानी के चलते जगदीश चौहान, मदन चौहान, जुगनू जाधव, श्रीचंद राठौर, अजमल चौहान, मनोज राठौड़, अजमल बंदु चौहान सहित अन्य ग्रामीणों ने स्वयं ही नाली के आसपास सफाई कर रास्ता साफ किया। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से अधूरे नाली निर्माण को जल्द पूरा कराने और सचिव की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।





