खरगोन-बड़वानी

सत्ता नहीं, विचारधारा और कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत: हेमंत खण्डेलवाल

प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम बड़वानी आगमन पर भव्य स्वागत, राजघाट पर मां नर्मदा का पूजन कर संगठनात्मक बैठकों में हुए शामिल

बड़वानी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के प्रथम बड़वानी आगमन पर रविवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया, बूथ कमेटी की बैठक में सहभागिता की, भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण कर विशेष कक्ष का शुभारंभ किया तथा जिला कोर कमेटी और जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, जिला प्रभारी बाबूलाल यादव एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने सुबह 9:30 बजे राजघाट पहुंचकर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद वार्ड क्रमांक 3 के बूथ क्रमांक 182 पर बूथ कमेटी की बैठक में शामिल हुए। तत्पश्चात भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया और कार्यालय में नवनिर्मित विशेष कक्ष का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद जिला कोर कमेटी की बैठक में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली और पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।

जिला कार्यालय से प्रदेश अध्यक्ष मांदल की थाप पर थिरकते आदिवासी लोकनृत्य दल के साथ आयोजन स्थल साखी रिसोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा की वृहद जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने मंचासीन अतिथियों के साथ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों का पूजन-अर्चन और दीप प्रज्वलन कर किया।

सत्ता आती-जाती है, कार्यकर्ता और विचारधारा स्थायी हैं

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति करने वाला संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा, “आज मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, कल नहीं रहूंगा। आज जो सांसद और विधायक हैं, वे भी कल नहीं रहेंगे। आज जो जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष हैं, वे भी कल नहीं रहेंगे, लेकिन कार्यकर्ता रहेगा और विचारधारा रहेगी।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। भाजपा की विचारधारा राष्ट्र प्रथम की है और पार्टी ने नरेंद्र मोदी जैसे राष्ट्रभक्त नेता को मजबूत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन और विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को ऐसा भारत देना है, जो सुरक्षित और समृद्ध हो, जहां रोजगार के अवसर हों और आतंकवाद के लिए कोई जगह न हो। इसके लिए भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना आवश्यक है।

कांग्रेस के शासनकाल और देश की आर्थिक स्थिति पर उठाए सवाल

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भी देश के लिए काम करने का दावा करती है, लेकिन आजादी के समय भारत और चीन की आर्थिक स्थिति की तुलना करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय भारत की अर्थव्यवस्था चीन से बहुत मजबूत थी कांग्रेस के लंबे शासनकाल में चीन भारत से पाँच गुना आगे निकल गया और भारत एक गरीब देश कैसे बन गया।

जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मात्र 13 साल में भारत की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उनके अनुसार, भारत आर्थिक स्थिति में 14वें स्थान से 11वें और फिर चौथे स्थान तक पहुंचा है तथा आने वाले समय में दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

जिलाध्यक्ष ने रखी संगठन की रिपोर्ट

भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने जिले की नगर परिषदों, नगर पालिकाओं, ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायत की स्थिति के साथ जिला संगठन द्वारा अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

वहीं, लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि विपक्षी दलों और कुछ छात्र संगठनों की आड़ में देश की प्रमुख संस्थाओं के खिलाफ झूठ और भ्रम फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मामलों में सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने भी संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष के विचारों को आत्मसात करने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने मीसाबंदियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया।

अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित

कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री भागीरथ कुशवाह ने किया, जबकि विकास आर्य ने आभार माना। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी बाबूलाल यादव, पानसेमल विधायक श्याम बरडे, महामंत्री सचिन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष सोहन माहेश्वरी, ओमप्रकाश खण्डेलवाल, कमलनयन इंगले, भाजपा नेता अंतरसिंह पटेल, पूर्व विधायक चंद्रभागा किराड़े, वीरेंद्र सिंह दरबार सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे।

बैठक में जिला पदाधिकारी, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा एवं मंडल प्रभारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!