इंदौरअपराध

इंदौर में 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ होटल रिसेप्शनिस्ट गिरफ्तार, 1.10 लाख रुपए कीमत का नशा जब्त

स्कीम नंबर 171 स्थित साईं कृपा कॉलोनी के पास क्राइम ब्रांच ने पकड़ा आरोपी, विजय नगर के कृष्णा पैलेस होटल में करता है नौकरी; ड्रग्स के नेटवर्क को लेकर रिमांड पर पूछताछ

जनोदय पंच। इंदौर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

पुलिस को देखकर घबराया युवक, घेराबंदी कर पकड़ा

जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम शहर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम स्कीम नंबर 171 स्थित साईं कृपा कॉलोनी के पास पहुंची। यहां एक संदिग्ध युवक हाथ में सफेद कपड़े की थैली लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अचानक घबरा गया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

थैली की तलाशी में मिली 11 ग्राम एमडी ड्रग्स

पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजेश बघेल, निवासी चिकित्सक नगर, लसूड़िया बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पांचवीं तक पढ़ा-लिखा है और विजय नगर स्थित कृष्णा पैलेस होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करता है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद कपड़े की थैली से 11 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स जब्त कर आरोपी राजेश बघेल के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

ड्रग्स कहां से लाई, नेटवर्क का पता लगा रही पुलिस

क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह एमडी ड्रग्स कहां से लेकर आया था। साथ ही इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!