खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

सेंधवा में निवाली रोड के ट्रैफिक दबाव को लेकर रिंग रोड की मांग, सांसद के माध्यम से केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

जनोदय पंच। सेंधवा। नगर की प्रमुख मार्ग निवाली रोड पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने स्थायी समाधान की मांग तेज कर दी है। अधूरे रिंग रोड की योजना को पूर्ण बनाकर पूर्व की परियोजना के तहत 9 किलोमीटर प्रस्तावित मडगांव तक रोड को बनाए जाने की इस कड़ी में भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल एवं नगर पालिका पार्षद छोटू चौधरी ने अजजा आयोग राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य व क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल को ज्ञापन सौंपकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से रिंग रोड/पूर्ण बायपास मार्ग की स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया है।

ज्ञापन में बताया गया कि सेंधवा-खेतिया स्टेट हाईवे जो गुजरात को भी जोड़ता है जो खेतिया की ओर से आने-जाने वाला भारी यातायात नगर के भीतर से गुजरता है, जिससे निवाली रोड पर अत्यधिक दबाव बना रहता है। इस समस्या के समाधान हेतु पूर्व में नेशनल हाईवे पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क चौड़ीकरण एवं बायपास निर्माण की योजना बनाई गई थी। जिला स्तर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक में रिंग रोड की तर्ज पर सेंधवा-खेतिया मार्ग को शहर के बाहरी हिस्से से मडगांव तक जोड़ने के लिए लगभग 9 किलोमीटर लंबा बायपास प्रस्तावित किया गया था।
ज्ञापन के अनुसार, करीब तीन वर्ष पूर्व इस मार्ग को नेशनल हाईवे-752 में शामिल किए जाने के बाद उक्त रिंग रोड योजना का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रालय को भेजा गया, किंतु वहां से इसके स्थान पर वैकल्पिक योजना को मंजूरी प्रदान कर दी गई। वर्तमान स्वीकृत योजना के तहत ग्राम सिल्दड़ से नेशनल हाईवे-52 स्थित चौतन्य हनुमान मंदिर तक लगभग 3.5 किलोमीटर का बायपास प्रस्तावित है, जिसकी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। सांसद पटेल को प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कागज पर नक्शा बनाकर वस्तु स्थिति से अवगत कराया ।
अग्रवाल एवं चौधरी ने बताया कि यह प्रस्तावित छोटा बायपास केवल आंशिक रूप से ही यातायात को डायवर्ट करेगा, साथ ही सेंधवा कुशलगढ़ हाइवे से बड़वानी पलसूद से आने वाले वाहन भी नगर से होकर ही गुजरेंगे । जिसका यातायात का दबाव कम नहीं होगा । जिससे नगर के भीतर ट्रैफिक दबाव में अपेक्षित कमी नहीं आएगी। विशेष रूप से निवाली रोड पर स्थिति यथावत बनी रहेगी और बायपास निर्माण का मूल उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकेगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सेंधवा नगर की बढ़ती जनसंख्या एवं यातायात को देखते हुए पूर्व में प्रस्तावित सिल्दड़ से मडगांव तक का पूर्ण रिंग रोड ही इस समस्या का स्थायी समाधान है।
अतः मांग की गई है कि केंद्रीय मंत्रालय द्वारा उक्त पूर्ण रिंग रोड (लगभग 9 किमी) को स्वीकृति प्रदान की जाए अथवा मध्यप्रदेश शासन के माध्यम से इसकी स्वीकृति लेकर निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि नगरवासियों को यातायात जाम एवं

दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके।
इस संबंध में अजजा आयोग राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य व व सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल से अनुरोध किया गया है कि वे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस विषय पर विशेष पहल कर शीघ्र स्वीकृति दिलाने की कार्रवाई करें। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे सेंधवा नगर की यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। सांसद पटेल को इस समस्या के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नाम से ज्ञापन सौंपा गया । ज्ञापन देने में पूर्व जिलाध्यक्ष एस वीरा स्वामी, मोहन जोशी, छोटू चौधरी, प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, विवेक छाबड़ा, सुरेश गर्ग, राजू चौधरी आदि मौजूद थे ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!