सेंधवा के पॉलिटेक्निक छात्रों ने इंदौर में सीखी आधुनिक तकनीकें, औद्योगिक भ्रमण सफल

सेंधवा; शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, सेंधवा द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें व्यावहारिक ज्ञान से समृद्ध करने के उद्देश्य से दिनांक 10/04/2026 को एक शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस भ्रमण के अंतर्गत महाविद्यालय के विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों को औद्योगिक नगरी इंदौर स्थित प्रतिष्ठित कंपनियों साइनटेक तथा इंडो जर्मन टूल रूम (IGTR), इंदौर का दौरा कराया गया। उल्लेखनीय है कि IGTR, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के अंतर्गत संचालित एक अग्रणी एवं प्रतिष्ठित प्रशिक्षण एवं उत्पादन संस्था है, जो उच्च स्तरीय तकनीकी कौशल विकास के लिए जानी जाती है।
भ्रमण की शुरुआत कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा स्वागत एवं परिचय सत्र के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों को कंपनी की स्थापना, विकास यात्रा, संगठनात्मक संरचना, उत्पादन प्रणाली एवं औद्योगिक कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
इसके पश्चात विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी विभागों एवं कार्यशालाओं का प्रत्यक्ष भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्होंने उन्नत मशीनों के संचालन, टूल डिजाइन, मोल्ड निर्माण, CNC मशीनिंग, गुणवत्ता परीक्षण एवं उत्पादन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को नजदीक से देखा और समझा, साथ ही SMD मशीन एवं PCB डिजाइन की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में अत्यधिक उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली। उन्होंने विशेषज्ञों से विभिन्न तकनीकी विषयों पर प्रश्न पूछकर अपने ज्ञान का विस्तार किया

इस औद्योगिक भ्रमण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से विभागाध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक्स श्री जितेंद्र चौहान, विभागाध्यक्ष इलेक्ट्रिकल श्री रत्नदीप शर्मा, व्याख्याता श्रीमती नीतू सुलिया, श्रीमती नेहा पांडे, श्रीमती राजनंदिनी पांनवरिया, श्री यशवंत निगवाल, श्री अंकित कदम एवं श्री राहुल सोलंकी ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि, “इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक औद्योगिक अनुभव प्राप्त होता है, जो उनके तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास एवं करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।” उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा ।



