कलेक्टर ने सेंधवा उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण, पारदर्शी और सुचारू उपार्जन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश

बड़वानी; जिले में गेहूं एवं चना उपार्जन कार्य को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने शुक्रवार को सेंधवा स्थित शासकीय उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र पर की जा रही तौल प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि उपार्जन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। तौल कांटों का सत्यापन और बारदाने की उपलब्धता की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े। कलेक्टर ने केंद्र पर किसानों के बैठने , पेयजल, और छांव की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए ताकि किसान भाइयों को किसी भी तरह की असुविधा न हो ।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से चर्चा की। किसानों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर उन्होंने मौके पर मौजूद प्रबंधकों को व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सेंधवा श्री आशीष,राजस्व विभाग,सहकारिता एवं खाद्य विभाग के स्थानीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और उपार्जन लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।




