सेंधवा में गौशाला पहुंचकर की गई गौ सेवा और पूजन, एकल विद्यालय की पहल, गौ सेवा के लिए लिया संकल्प

सेंधवा। शहर में एकल विद्यालय की ओर से जोगवाड़ा रोड स्थित नंदिनी गौशाला में गौ सेवा और गौ पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पंडित जनार्दन द्वारा विधि-विधान से पूजन कराया गया और श्रद्धालुओं ने गाय की पूंछ का झाड़ा भी ग्रहण किया। इस अवसर पर करीब 120 किलो मसूर का चारा, हरा चारा और गुड़ खिलाकर गौ सेवा की गई। साथ ही गौशाला में पंखे लगाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में सार्वभौम सनातन धर्म महासभा की विमला शर्मा ने गाय के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वेदों में गौ माता को अत्यंत पूजनीय और पवित्र बताया गया है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसका आध्यात्मिक महत्व भी है।

इस अवसर पर भगवती कानूनगो और गीता कानूनगो ने भी गौ सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है। तृप्ति खले और ज्योति मनोरमा ने बच्चों में गौ सेवा के संस्कार विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में कमलेश जोशी, कविता उपाध्याय, दुर्गा गुप्ता, पूर्णिमा मंगला, स्नेहलता, सुमन, रेखा, नीशा शर्मा सहित कई महिलाओं ने नियमित गौ सेवा करने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से गौ संरक्षण और सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।




