सेंधवा में पुस्तक संग्रहण शिविर, जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए पहल शुरू, पुस्तक दान अभियान 22 अप्रैल को

सेंधवा में सामाजिक संगठन ‘हम साइकिल वाले’ ग्रुप द्वारा विद्यार्थियों की सहायता के उद्देश्य से 22 अप्रैल को पुस्तक संग्रहण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार शाम को ग्रुप के सदस्यों ने बैठक कर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यार्थियों को नई कक्षाओं के लिए पुस्तकें खरीदना पड़ता है, जो बढ़ती महंगाई के बीच अभिभावकों के लिए आर्थिक बोझ बनता है। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रुप ने अनुपयोगी लेकिन अच्छी स्थिति में उपलब्ध पुस्तकों को एकत्रित कर जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराने का अभियान शुरू किया है।
ग्रुप के सदस्यों ने आमजन से अपील की है कि वे विद्यालय, कॉलेज, प्रतियोगी परीक्षा, धार्मिक, साहित्यिक, मोटिवेशनल और स्वास्थ्य संबंधी अनुपयोगी पुस्तकें शिविर में जमा कराएं, ताकि उनका पुनः उपयोग किया जा सके और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
समय, स्थान और संपर्क जानकारी
पुस्तक संग्रहण के लिए 22 अप्रैल 2026 को जलाराम मंदिर के पास सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए पंकज झंवर 9425327022 और चेतन कानूनगो 9713332111 पर संपर्क किया जा सकता है।



