खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

खरगोन में लोकायुक्त की कार्रवाई, बीईओ प्रभात परमार्थी 2 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

वेतन स्वीकृति के एवज में 2 हजार की मांग, शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने की ट्रैप कार्रवाई

जनोदय पंच। खरगोन में लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने झिरन्या ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर प्रभात परमार्थी को 2 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायत सुभाष बर्डे ने दर्ज कराई थी। वेतन अनुमोदन के बदले राशि मांगी गई थी। मामले में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।

खरगोन में लोकायुक्त पुलिस इंदौर के दल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झिरन्या ब्लॉक के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर प्रभात परमार्थी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक महीने के वेतन के अनुमोदन के एवज में रिश्वत मांगने को लेकर की गई।


शिकायत के आधार पर ट्रैप कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के अनुसार, अनकवाड़ी (पोस्ट बिस्टान, तहसील भगवानपुरा) निवासी सुभाष बर्डे ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी सेवंती बर्डे शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेड़िया फलिया, तहसील भगवानपुरा में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और उनका नवंबर 2025 का वेतन अनुमोदन लंबित था।


पहले संकुल प्राचार्य, बाद में बीईओ बना आरोपी
आरोप है कि वेतन स्वीकृत कराने के लिए आवेदक जब तत्कालीन संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा प्रभात परमार्थी से मिला, तब आरोपी ने 2 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। बाद में आरोपी का स्थानांतरण होकर वह दिसंबर 2025 में झिरन्या में ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर के पद पर पदस्थ हो गया।


25 अप्रैल को ट्रैप, घर से पकड़ा गया आरोपी
आवेदक रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। इस पर लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो सही पाया गया। 25 अप्रैल 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया। निर्धारित योजना के अनुसार आरोपी ने अपने ज्योति नगर, खरगोन स्थित निवास पर जैसे ही आवेदक से 2,000 रुपए की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।


टीम और कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान के नेतृत्व में आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार एवं आशीष आर्य सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!