नर्मदापुरम में पिपरिया स्टेट हाईवे पर टवेरा-ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण भिड़ंत, पांच की मौत, सात घायल
क्रॉसिंग के पास अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई टवेरा, पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

जनोदय पंच। नर्मदापुरम के पिपरिया स्टेट हाईवे पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टवेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन के पुर्जे दूर तक बिखर गए।
नर्मदापुरम पुलिस के अनुसार, टवेरा सवार लोग बुदनी में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आंचलखेड़ा के पास क्रॉसिंग पर उनकी कार अनाज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा कार के परखच्चे उड़ गए और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल और मृतकों की स्थिति
हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी और माखननगर के निवासी बताए गए हैं। अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
5 लोगों की मौत हो गई है, 7 घायल
नर्मदापुरम एसपी सांई कृष्णा एस थोटा के मुताबिक, ” घटना देर रात करीब एक बजे की है. महेंद्रवाड़ी निवासी टवेरा सवार सभी लोग बुदनी के एक गांव से लौट रहे थे. सभी शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. तभी आंचलखेड़ा में क्रॉसिंग के पास उनकी कार अनाज से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड से टकरा गई. घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है, 7 घायल हैं.”
मृतकों के नाम
हरि सिंह पिता गणेशराम यादव (57), निवासी महेंद्रवाड़ी। विनीत यादव पिता मोहन यादव (22), निवासी महेंद्रवाड़ी। साहिल यादव पिता हरगोविंद यादव (19), निवासी महेंद्रवाड़ी। शुभम मोरप्पा पिता सुखराम (18), निवासी महेंद्रवाड़ी। संतोष प्रजापति पिता मंगल सिंह प्रजापति, निवासी माखननगर।
टवेरा के पुर्जे सड़क पर बिखर गए।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले टायर घटनास्थल से कई फीट दूर खेत में मिले। टवेरा के पुर्जे सड़क पर बिखर गए। सूचना मिलते ही माखननगर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की स्थिति खराब होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है, जहां सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।



