भोपाल सहित मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर तेज, खजुराहो सबसे गर्म शहर, 20 जिलों में लू का अलर्ट जारी
खजुराहो में सबसे अधिक तापमान, कई जिलों में लू और बारिश दोनों के आसार

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा, जबकि कई शहरों का तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग ने 20 जिलों में लू का अलर्ट जारी करते हुए कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है।
लू का अलर्ट और तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन गर्मी का असर बरकरार है। बुधवार को ग्वालियर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, विदिशा, श्योपुर, मुरैना, मंडला, भिंड, सतना, दतिया, निवाड़ी, पन्ना, रायसेन, रीवा और सागर जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार ग्वालियर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, दतिया, सतना, टीकमगढ़, रीवा और पन्ना जिलों में दिन के समय लू चलेगी, जबकि शाम के बाद मौसम में बदलाव संभव है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा सिंगरौली, सीधी, सिवनी, बैतूल, बालाघाट और मऊगंज जिलों में भी बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं।
खजुराहो सबसे गर्म, कई शहर 43 डिग्री पार
मंगलवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सीधी में 44.6 डिग्री, श्योपुर में 44 डिग्री, भोपाल में 43.6 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, खंडवा में 43.4 डिग्री, मुरैना में 43.3 डिग्री, मंडला में 43.2 डिग्री, दमोह और रतलाम में 43 डिग्री दर्ज किया गया। जबलपुर में 42.7 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री और उज्जैन व ग्वालियर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।



