बड़वाह। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान” के तहत विद्यार्थियों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

कपिल वर्मा बड़वाह। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0 एक जन-अभियान, एक संकल्प, एक संदेश” के अंतर्गत नर्मदा वैली इंटरनेशनल स्कूल में पुलिस थाना बड़वाह के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में बडवाह पुलिस के एएसआई पवन अचाले, हेड कांस्टेबल नितिन बोरसिया एवं हेड कांस्टेबल विजय अहिरवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवनभर नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को नशा न करने एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ शपथ लेते हुए नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवन मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेश देते हुए नशा मुक्त भारत के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर नवागत थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन, विद्यालय के डायरेक्टर सुनील जैन, शैक्षणिक डायरेक्टर नीतू जैन, डायरेक्टर आशीष जैन, डायरेक्टर डॉ. दृष्टि जैन, प्राचार्य अमिता शर्मा, उपप्राचार्य अजय प्रजापती एवं संजय महाजन ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आव्हान किया।



