बड़वानी में शादी के नाम पर 2.25 लाख की ठगी, ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश; महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
बालसमुद पुलिस ने फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, 1.32 लाख रुपये का मशरूका जब्त

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में शादी का प्रलोभन देकर 2.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बालसमुद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह के फरार महिला और पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपियों से नकदी, चांदी की पायजेब और मोटरसाइकिल सहित 1.32 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
शादी का प्रलोभन देकर फरियादी से चांदी के आभूषण सहित 2 लाख 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के संबंध में थाना नागलवाड़ी में अपराध क्रमांक 229/2026 दर्ज किया गया था। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित की थी।
एक महिला और पुरुष आरोपी गिरफ्तार:
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना नागलवाड़ी की चौकी बालसमुद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दोनों फरार आरोपियों तरवर उर्फ तरुण पिता प्रकाश सांवले (32), निवासी ग्राम खेड़ी खुर्द (डोंगरगांव), थाना जैतापुर, जिला खरगोन और सपना पति तरवर उर्फ तरुण सांवले (36), निवासी ग्राम खेड़ी खुर्द (डोंगरगांव), थाना जैतापुर, जिला खरगोन को गिरफ्तार किया।
1.32 लाख रुपये का मशरूका जब्त:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, लगभग 5 हजार रुपये कीमत की चांदी की एक जोड़ी पायजेब और लगभग 1 लाख रुपये कीमत की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त मशरूके की कुल कीमत 1 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है।
न्यायालय के आदेश पर जेल भेजे गए आरोपी:
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, शादी का प्रलोभन देकर षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम का योगदान:
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार पाटील, चौकी प्रभारी बालसमुद सहायक उपनिरीक्षक संजय शर्मा, मध्य प्रदेश आरक्षक 252 हेमलता रोमड़े, प्रधान आरक्षक 382 अमरसिंह मंडलोई, प्रधान आरक्षक 101 गुलाबसिंह मंडलोई, चालक प्रधान आरक्षक 369 प्रेमसिंह बघेल, आरक्षक 486 मनोज बघेल, आरक्षक 606 मोहन पाटीदार और साइबर शाखा के प्रधान आरक्षक योगेश पाटील का योगदान रहा।




