बड़वाह। विधायक ने सड़क की गुणवत्ता सुधार एवं नाली निराम को लेकर मप्र सड़क विकास निगम के संभागीय प्रबंधक को लिखा पत्र…

कपिल वर्मा बड़वाह। खरगोन जिले को देवास जिले से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सिरलाय-काटकूट तक निर्माणाधीन सड़क के घटिया निर्माण का ग्रामवासियों ने विरोध किया हैं और आबादी वाले ग्रामों में वर्षा तथा अपशिष्ट जल निकासी हेतु नाली निर्माण तथा दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की थी।
जिसको लेकर ग्राम लखनपुरा, जगतपुरा, रांजना, खेड़ीहाट, काटकूट, ओखला एवं लोंदी बी के ग्रामवासियों ने विधायक सचिन बिरला से सड़क निर्माण की गुणवत्ता में सुधार, वर्षा जल एवं अपशिष्ट जल निकासी के लिए नाली निर्माण एवं दुर्घटनाओं से बचाव हेतु उपयुक्त स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की हैं।
इस तारतम्य में विधायक ने मप्र सड़क विकास निगम के संभागीय प्रबंधक को पत्र लिख कर सड़क की गुणवत्ता में सुधार, इन ग्रामों में नाली निर्माण और दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की हैं। पत्र में कहा गया है कि निर्माणाधीन सिरलाय-काटकूट सड़क पर आबादी वाले ग्रामों में नाली निर्माण नहीं किए जाने से अपशिष्ट जल करोड़ों की लागत से बनने वाली सड़क को अभी से खराब कर रहा है।
जल निकासी हेतु नाली निर्माण नहीं होने से बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। इसके अलावा इन ग्रामों में सड़क पर अपशिष्ट जल बहने के कारण आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। इसलिए सभी संबंधित ग्रामों में जल निकासी के लिए सुव्यवस्थित नाली निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
इसी प्रकार इन ग्रामों के दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर नहीं बनाने से भारी एवं अन्य वाहनों की तीव्र गति के कारण निरंतर दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। दुर्घटनाओं में वाहन चालक और पदयात्री घायल हो रहे हैं।
वाहनों के तेज रफ्तार के कारण हो रही लगातार दुर्घटनाओं से इन ग्रामों के निवासी चिंतित हैं। इसलिए निर्माणाधीन सिरलाय-काटकूट सड़क के आबादी वाले ग्रामों में नाली एवं आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।



