इंदौरअपराध

इंदौर में दोस्ती खत्म करने पर युवती की हत्या का आरोप, बातचीत के बहाने घर बुलाया; दो आरोपी गिरफ्तार

हीरानगर थाना क्षेत्र के प्राइम सिटी की घटना, चाकू से हमले में घायल युवती ने अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस मामले की जांच में जुटी

जनोदय पंच। इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में दोस्ती खत्म करने और बातचीत बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बातचीत बंद करने से नाराजगी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मृतका वैष्णवी की अभिषेक नामक युवक से दोस्ती थी। कुछ समय पहले वैष्णवी ने अभिषेक से बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद अभिषेक उसके घर पहुंचकर उसे डराने-धमकाने लगा। इस बात की जानकारी वैष्णवी की छोटी बहन ने अभिषेक के दोस्त निखिल को दी।

बातचीत के लिए घर बुलाने के बाद हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, निखिल ने वैष्णवी और उसकी छोटी बहन को प्राइम सिटी स्थित अपने घर बुलाया। वहां चाय-नाश्ते के बाद बातचीत के लिए अभिषेक को भी बुलाया गया। इसी दौरान चारों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अभिषेक और निखिल ने वैष्णवी पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल पहुंचने में देरी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद वैष्णवी को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही हल्दी से प्राथमिक उपचार करने का प्रयास किया गया। उसकी छोटी बहन उसे अस्पताल ले जाना चाहती थी, लेकिन उसे रोक दिया गया। बाद में गंभीर हालत में वैष्णवी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

हीरानगर पुलिस ने हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अभिषेक और निखिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!