इंदौर में बीजेपी प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने जीतू पटवारी को दी खुली बहस की चुनौती
मढ़ई घटनाक्रम के दस्तावेज सार्वजनिक करने की चेतावनी, कांग्रेस संगठन में कथित ‘पैकेज सिस्टम’ को लेकर भी लगाए आरोप

जनोदय पंच। इंदौर में बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता में मढ़ई घटनाक्रम, कानून-व्यवस्था, संगठन में कथित पदों की खरीद-फरोख्त और सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर बीजेपी ने कई सवाल उठाए। इंदौर के बीजेपी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर मढ़ई घटनाक्रम को लेकर हमला बोला। यादव ने कहा कि मढ़ई में उनके द्वारा किए गए कथित कारनामों से जुड़े सभी दस्तावेज और तथ्य बीजेपी के पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यदि पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह या प्रदेश सरकार पर बिना तथ्यों के आरोप लगाना जारी रखा, तो मढ़ई का पूरा कच्चा चिट्ठा मीडिया के सामने सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
राकेश सिंह यादव ने दावा किया कि दस्तावेज सामने आने के बाद जीतू पटवारी को प्रदेश की जनता के सामने जवाब देना मुश्किल हो जाएगा और उन्हें राजनीति से संन्यास लेने तक की नौबत आ सकती है।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी घेरा
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर यादव ने जीतू पटवारी को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सलाह देने से पहले पटवारी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। यादव ने पटवारी के परिजनों से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए उन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पटवारी के एक भाई भू माफिया है, जबकि दूसरे ड्रग एडिक्ट हैं और ड्रग तस्करी से उनके तार जुड़े हैं, जिसे लेकर राजेंद्र नगर थाना पुलिस लगातार कार्रवाई भी कर रही है।
संगठन में ‘पैकेज सिस्टम’ का आरोप
यादव ने कांग्रेस संगठन में कथित पदों की खरीद-फरोख्त और ‘पैकेज सिस्टम’ का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जीतू पटवारी का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल दिसंबर तक ही सीमित है।
मीडिया चैनल पर खुली बहस की चुनौती
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने जीतू पटवारी को किसी भी मीडिया चैनल पर तथ्यों के साथ खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी मढ़ई समेत उनके लगाए आरोपों का जवाब दस्तावेजों के साथ देने के लिए तैयार है।



