खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

पानसेमल में 122 होनहार विद्यार्थियों का सम्मान, 9 लैपटॉप और 5 स्कूटी सहित ₹25 लाख की प्रोत्साहन राशि

प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और नगद पुरस्कार प्रदान, विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ने का आह्वान

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। पानसेमल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं के 122 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और नगद प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया। समारोह में 9 विद्यार्थियों को लैपटॉप और 5 विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई।

पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री श्याम जी बरडे शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मंच पर मां सरस्वती का पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री पाटीदार जी ने विधायक श्री श्याम जी बरडे का पुष्पहार पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंचासीन वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का भी स्वागत किया गया।

₹25 लाख की राशि से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन

विधायक श्री श्याम जी बरडे द्वारा पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगभग ₹25 लाख की राशि से प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड और ₹5,000 तथा ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।

इस अवसर पर 9 विद्यार्थियों को लैपटॉप, 5 विद्यार्थियों को स्कूटी तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 122 होनहार विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड एवं नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के सम्मान और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की इस पहल को उपस्थित अभिभावकों एवं नागरिकों ने सराहा।

विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ने का आह्वान

विधायक श्री श्याम जी बरडे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने शिक्षा प्राप्त करने के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, साइकिल, निःशुल्क पुस्तकें, बेहतर विद्यालय भवन, सड़क एवं आवागमन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय सुविधाओं का अभाव था। विद्यार्थी पैदल स्कूल जाते थे तथा अच्छी सड़कें और बिजली जैसी सुविधाएं भी हर जगह उपलब्ध नहीं थीं। इसके बावजूद कठिन परिश्रम और लगन से शिक्षा प्राप्त कर अनेक लोगों ने अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने विद्यालय, माता-पिता, गांव एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने को कहा।

सेवा संकल्प अभियान से जनता से सीधा संवाद

विधायक श्री श्याम जी बरडे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से जनप्रतिनिधियों को विद्यार्थियों, अभिभावकों, वरिष्ठ नागरिकों, माताओं-बहनों एवं आमजन से सीधे रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में विद्यार्थियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी, किसान, गरीब, मजदूर, महिला, व्यापारी एवं कर्मचारी तक विकास और कल्याण की सुविधाएं पहुंचाना है।

2047 के विकसित भारत का सपना विद्यार्थी करेंगे साकार

विधायक श्री श्याम जी बरडे ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के नए भारत के भाग्य विधाता हैं। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यही विद्यार्थी भविष्य में देश का नाम विश्वभर में रोशन करेंगे। आज देश और प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं और इसी भावना के साथ “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास” के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों और विद्यालय परिवार की मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला महामंत्री श्री सचिन जी चौहान, जिला उपाध्यक्ष श्री राम जी सोनाने, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद जी वसावे, नगर परिषद अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र जी भंडारकर, उपाध्यक्ष श्री साहेबराव जी चौधरी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री राजेन्द्र जी शितोले, मंडल अध्यक्ष श्री चन्द्रकान्त जी महाजन, श्री रामचन्द्र जी सोनीस, श्री चैनसिंह जी गदरे, वरिष्ठ नेता श्री मनोहर जी पटेल, श्री गोविंद जी जोशी, श्री देवराज जी पाटिल, श्री कन्हैयालाल जी जैन, श्री विपी सिंह जी सोलंकी, मंडल महामंत्री श्री प्रकाश जी जोशी, श्री उत्तम जी चौहान, श्री योगेश जी जैन, श्री बाबुदान जी चौहान, श्री पंडित जी माली, श्री मनोहर जी माली, श्री विक्की जी शिरसाट, श्री मंगल जी सामेशाह, श्री मुकेश जी सावले, श्री अजमल जी राठौर, श्री श्यामराव जी वसावे, श्री रेवसिंह जी पटेल, जनपद सदस्य श्री किशोर जी वारूडे, श्री जगदीश जी भंडारी, श्री शेरसिंह जी खेड़कर, श्री टेंपा जी गिरासे, श्री साबूदान जी खेड़कर, श्री भारत जी वारुड़े सहित विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री पाटीदार जी, समस्त प्राचार्यगण, शिक्षकगण, पालकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने विधायक श्री श्याम जी बरडे का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे आयोजन की सराहना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!