इंदौरअपराधमुख्य खबरे

इंदौर में नकली क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर बुजुर्ग से ठगी, जांच के नाम पर अंगूठी लेकर फरार हुए दो युवक

हीरानगर क्षेत्र में मंदिर दर्शन के लिए जा रहे बुजुर्ग को रास्ते में रोका, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया

जनोदय पंच। इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में मंदिर दर्शन के लिए जा रहे बुजुर्ग को दो अज्ञात युवकों ने रास्ते में रोक लिया। खुद को क्राइम ब्रांच से जुड़ा बताकर जांच के नाम पर उनकी अंगूठी उतरवाई और लेकर फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।

हीरानगर पुलिस के मुताबिक, फरियादी रामनारायण मालवीय कुछ दिन पहले ही अपने बेटे के यहां इंदौर आए थे। वे मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच से जुड़ा बताकर बुजुर्ग से पूछताछ शुरू कर दी।

जांच के नाम पर उतरवाई अंगूठी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बुजुर्ग के हाथ में पहनी अंगूठी को लेकर संदेह जताया और कहा कि इसकी जांच करना जरूरी है। इसके बाद आरोपियों ने उनसे अंगूठी निकालकर दिखाने को कहा। बुजुर्ग ने आरोपियों की बात पर भरोसा करते हुए अंगूठी निकालकर उनके हाथ में दे दी। इसके बाद दोनों आरोपी अंगूठी लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

घटना के बाद रामनारायण मालवीय ने हीरानगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खुद को पुलिस या क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर जांच के नाम पर आभूषण या अन्य सामान मांगे तो बिना सत्यापन के उसे अपना सामान न दें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!