इंदौर में किराये की लग्जरी गाड़ियां दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन वाहन बरामद
तेजाजीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, करीब 60 लाख रुपये कीमत की दो थार और एक स्कॉर्पियो बरामद

जनोदय पंच। इंदौर में किराये पर लिए गए लग्जरी वाहनों को दूसरे राज्यों में बेचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। तेजाजीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन वाहन बरामद किए हैं। मामले में एक मुख्य आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तेजाजीनगर थाना पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिवम उर्फ गब्बू पाटीदार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराये पर वाहन लेने के बाद उनके मालिकों को भुगतान अपने बैंक खाते से करता था। इसके बाद वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम निकालकर उन्हें दूसरे राज्यों में बेचने का काम किया जाता था।
दो थार और एक स्कॉर्पियो बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा कंपनी की दो थार और एक स्कॉर्पियो बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद तीनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य आरोपी बताया गया विशाल उर्फ भोला पाटीदार
पुलिस के मुताबिक, मामले में विशाल उर्फ भोला पाटीदार को मुख्य आरोपी बताया गया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों और इस तरह की अन्य घटनाओं में गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।



