इंदौरअपराध

इंदौर में 22 घंटे में फ्लैट लूटकांड का खुलासा, चौकीदार समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, लूटा माल बरामद

दूधिया के नीलगिरी परिसर में आधी रात वारदात; आरोपियों में तीन बाल अपचारी, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

 जनोदय पंच। इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र के दूधिया स्थित नीलगिरी परिसर में फ्लैट में घुसकर लूट की वारदात का पुलिस ने करीब 22 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।

बहाने से खुलवाया दरवाजा, मारपीट कर की लूट

27 सितंबर की रात करीब पौने दो बजे पांच बदमाश नीलगिरी परिसर स्थित एक फ्लैट में पहुंचे। आरोपियों ने बहाने से दरवाजा खुलवाया और अंदर घुसकर फरियादी पवन चौबे के साथ मारपीट की। बदमाशों ने पवन चौबे को चादर से ढंक दिया। इसके बाद फ्लैट में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान

घटना के बाद पुलिस ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में आकाश नाम का युवक उसी मल्टी में चौकीदारी करता था और हाल ही में वहां काम पर रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी।

तीन बाल अपचारी भी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, वारदात में पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन बाल अपचारी हैं। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने वारदात के करीब 22 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को पकड़ने की जानकारी दी है।

चौकीदार की नियुक्ति की भी जांच

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि चौकीदार आकाश को किस कंपनी के माध्यम से काम पर रखा गया था और उसकी नियुक्ति की प्रक्रिया क्या थी। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!