खंडवा-बुरहानपुरमुख्य खबरे

खंडवा में महाकाल दर्शन को जा रहे दोस्तों की कार पलटी, अमरावती के युवक की दर्दनाक मौत

खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे पर ब्लाइंड टर्न के पास कार अनियंत्रित होकर पलटी, एयरबैग नहीं खुलने से बढ़ा हादसा

जनोदय पंच। खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे पर ग्राम गुड़ी के पास शुक्रवार-शनिवार रात कार पलटने से अमरावती निवासी गौतम सेवानी की मौत हो गई। महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जा रहे चार दोस्तों में दो युवतियां घायल हुईं, जबकि ड्राइवर सुरक्षित बच गया। पुलिस ने तेज रफ्तार, ब्लैकस्पॉट और झपकी को हादसे की वजह बताया।

ब्लैकस्पॉट पर पलटी कार, युवक की मौत

खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे पर ग्राम गुड़ी स्थित अनाज मंडी के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब एक बजे दर्दनाक हादसा हो गया। ब्लाइंड टर्न वाले ब्लैकस्पॉट पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अमरावती निवासी गौतम पिता राजेश सेवानी (23) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दर्शन पिता योगेश (23), तनु पिता चांद मियां (26) निवासी अमरावती और नायारा पिता रॉयल अली (24) निवासी दिल्ली घायल हो गए। दोनों युवतियों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

ड्राइवर को आई झपकी, पलटी कार

पिपलोद पुलिस के अनुसार कार को दर्शन चला रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे नींद का झोंका आ गया था। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई। सामने जानवर आने पर उसे बचाने के प्रयास में ब्रेक लगाने से कार पलट गई। ड्राइवर साइड में बैठे गौतम सेवानी की मौत हो गई। हादसे के दौरान कार के एयरबैग भी नहीं खुले। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गौतम कार से बाहर सड़क पर जा गिरा। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

महाकाल मंदिर में पूजा के लिए जा रहे थे

दर्शन ने पुलिस को बताया कि वह टैक्सी चलाता है और गौतम सेवानी अमरावती में स्पा सेंटर संचालित करता था। तनु और नायारा उसी स्पा सेंटर में काम करती हैं। गौतम की शादी की बात चल रही थी, लेकिन कालसर्प दोष के कारण परेशानी आ रही थी। दोष निवारण के लिए शनिवार को उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा कराना तय था, जिसके लिए सभी उज्जैन जा रहे थे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!