दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाकर यातायात नियमों के पालन की अपील
ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाकर बड़वानी पुलिस ने वाहन चालकों को किया सतर्क

बड़वानी पुलिस ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में थाना नागलवाड़ी और चौकी बालसमुद क्षेत्र के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को सावधानी बरतने और गति नियंत्रित रखने का संदेश दिया जा रहा है।
चेतावनी बोर्ड से किया जा रहा सतर्क
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में लगाए गए बोर्डों पर लिखा गया है कि इस स्थान पर पहले कई लोग सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं और अगला नंबर आपका हो सकता है। पुलिस का मानना है कि इस प्रकार की भावनात्मक चेतावनी लोगों को मानसिक रूप से सतर्क करेगी और दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। अभियान के तहत वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
हेलमेट, सीट बेल्ट और गति नियंत्रण पर जोर
बड़वानी पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट लगाने की अपील की है। चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ओवरस्पीड से बचने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। सहायता के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक आर. के. पाटील का मोबाइल नंबर 9425480999 और चौकी प्रभारी बालसमुद सउनि संजय शर्मा का नंबर 9826862384 सार्वजनिक किए गए हैं।



