खरगोन-बड़वानीमध्यप्रदेशमुख्य खबरेशिक्षा-रोजगार

बड़वाह। निर्मल विद्यापीठ स्कूल ने 13वाँ स्थापना दिवस…डिजिटल मतदान से चुने गए छात्र नेतृत्व का हुआ अलंकरण….

कपिल वर्मा बड़वाह। शिक्षा में नवाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहारिक रूप देने की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए सीबीएसई संबद्ध निर्मल विद्यापीठ, बड़वाह ने अपना 13वाँ स्थापना दिवस एवं शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विद्यार्थी अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ, बड़वाह के डीआईजी अमोल चंदन शिवे रहे। अपने प्रेरक संबोधन में डीआईजी चंदनशिवे ने विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति एवं अनुशासित वातावरण की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, ईमानदारी एवं सेवा भावना को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। समारोह की विशेष आकर्षण रही विद्यालय द्वारा भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली को व्यवहारिक रूप से समझाने के उद्देश्य से आयोजित पूर्णतः डिजिटल मतदान प्रक्रिया।

इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों का अलंकरण कर उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। हेड बॉय मास्टर चरण मकवाना एवं हेड गर्ल कु. आँचल गेहलोत सहित रमन, सुभाष, टैगोर एवं गांधी सदनों के हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, डिसिप्लिन हेड, कल्चरल हेड, एकेडमिक हेड तथा अन्य छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय के आदर्शों एवं अनुशासन की गरिमा बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय, अजमेर के अकाउंट्स हेड अश्विनी श्रीवास्तव भी अनौपचारिक रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यालय के सतत विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष झा ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की 13 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा को साझा करते हुए कहा कि निर्मल विद्यापीठ ने गुणवत्ता, संस्कार, नवाचार एवं आधुनिक तकनीक के समन्वय से क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने आगामी वर्षों के लिए विद्यालय के शैक्षणिक एवं नैतिक उत्कृष्टता के लक्ष्यों से भी सभी को अवगत कराया।

विद्यालय के निदेशक प्रतीक जैन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट परिणाम देना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संस्कारित एवं राष्ट्रनिष्ठ नागरिक तैयार करना है जो समाज के लिए प्रेरणा बनें।

उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को सफल नेतृत्व के लिए शुभकामनाएँ भी दीं। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय विद्यालय की उपप्राचार्या सिम्मी शेख, हेड मिस्ट्रेस वैशाली माले, स्पोर्ट्स हेड दयाराम पंवार तथा इवेंट हेड आरती जायसवाल एवं शेफाली पाटीदार के कुशल नेतृत्व एवं विशेष योगदान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।

समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का उत्साह और सहभागिता उल्लेखनीय रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!