खरगोन-बड़वानी

पानसेमल में 3.88 करोड़ की चिखल्दा-दिवडिया बैराज योजना का भूमिपूजन, 224 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा

विधायक श्याम बरडे बोले- किसानों के खेतों तक नर्मदा मैया का पानी पहुंचाना भाजपा सरकार का संकल्प, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की भी दी जानकारी

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नई बैराज योजना की शुरुआत की गई। इसके निर्माण से 224 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की क्षमता निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

3.88 करोड़ की योजना से 224 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

पानसेमल। विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में 30 अक्टूबर 2026 को मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन विभाग की चिखल्दा-दिवडिया बैराज योजना का भूमिपूजन किया गया। योजना की शिलालेख पर अंकित जानकारी के अनुसार इसकी लागत 3.88 करोड़ रुपये है। इससे 224 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की क्षमता निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पानसेमल विधायक श्याम बरडे रहे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा वरिष्ठ नेता गोविंद  जोशी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र शितोले, जिला उपाध्यक्ष राम सोनवने, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत महाजन, महामंत्री प्रकाश जोशी, बाबुदान चौहान, साहेबराव चौधरी, वीपी सिंह सोलंकी, उत्तम जी चौहान, योगेश जैन, जगदीश भंडारी, पंडित माली, दिनेश जाधव, मनोज महेश्वरी, मुरली साटोटे, विक्की सिरसाट, मंगल शामेशाह, मुकेश सावले, दयाराम पवार, विशाल गुप्ता, शामराव माली, हर्षल वारुडे, आत्माराम महाजन और कमलेश माली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नर्मदा मैया का पानी किसानों के खेतों तक पहुंचाना संकल्प

विधायक श्याम जी बरडे ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। हमारा संकल्प है कि नर्मदा मैया का पानी पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पहुंचे, जिससे उन्हें पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिले और कृषि उत्पादन में वृद्धि हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2028 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर एक करोड़ हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न तालाबों, बैराज और सिंचाई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

विधायक ने बताया कि पानसेमल तहसील, निवाली, पलसुद और खेतिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। कई परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया जारी है। वहीं, दिवाली के पास स्थित तालाब का टेंडर भी हो चुका है।

469 स्थानों पर पक्की सड़कें बनाने की दिशा में काम

विधायक बरडे ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में 469 स्थानों पर पक्की सड़कें उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लगभग 54 किलोमीटर लंबाई की सड़कों के लिए 27 करोड़ रुपये के भूमिपूजन का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये के अस्पताल सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।

कार्यकर्ताओं से आत्मचिंतन और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का आग्रह

विधायक श्याम बरडे ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी को आत्मचिंतन करना चाहिए कि क्षेत्र में विकास के लिए अब तक कौन-कौन से कार्य हुए हैं और वर्तमान में कौन सी योजनाएं संचालित हैं। कार्यकर्ताओं को योजनाओं, स्वीकृतियों, टेंडर और विकास कार्यों की सही जानकारी रखनी चाहिए, ताकि जनता के बीच तथ्यों के आधार पर अपनी बात रख सकें।

उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं के बीच ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे नई पीढ़ी अपने विचार रख सके और विकसित भारत के निर्माण में भूमिका निभा सके।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की गतिविधियों की जानकारी फोटो, वीडियो और समाचारों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के अंत में विधायक श्याम बरडे ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!