सेंधवा में भाजपा ने युवाओं से किया खुला संवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की परिस्थितियों पर हुई चर्चा
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत एसआईआर, विपक्ष के धरना-प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक जानकारियों पर रखे विचार

जनोदय पंच। सेंधवा में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने युवाओं के साथ खुला संवाद किया। कार्यक्रम में देश की वर्तमान परिस्थितियों, एसआईआर और विपक्ष के धरना-प्रदर्शन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर युवाओं से जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
तथ्यों के आधार पर राय बनाने की अपील
संवाद के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और विचार व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन विरोध का तरीका मर्यादित और संवैधानिक होना चाहिए। युवाओं को भ्रामक जानकारी और अफवाहों के आधार पर राय बनाने के बजाय तथ्यों को समझना चाहिए। देश की वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्हें समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
सुनील अग्रवाल बोले- संवाद से समाधान निकलेगा
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को देश की परिस्थितियों को समझने और सही-गलत का निर्णय तथ्यों के आधार पर करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “संवाद से समाधान निकलेगा, हंगामे से नहीं। युवा जागेगा, तभी लोकतंत्र बचेगा।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों और जिम्मेदार युवाओं से ही संभव है। युवाओं को अफवाहों से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ देशहित में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

गणेश राठौड़ और विवेक तिवारी ने भी रखे विचार
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी और जागरूकता बेहद आवश्यक है। युवाओं को संवैधानिक व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। किसी भी विषय पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी वास्तविकता जानना जरूरी है।
युवा मोर्चा जिला मंत्री विवेक तिवारी ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। युवाओं को सकारात्मक विचारों के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक जानकारियों के प्रति भी सतर्क रहना चाहिए।
भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष नवनीत पालीवाल, शैलेंद्र शर्मा सहित भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संवाद के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने और देशहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया गया।



