खरगोन-बड़वानी

बड़वानी के आदर्श महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का गौरव

निर्मल सिंह चौहान ने हरियाणा के रोहतक में राष्ट्रीय एकता शिविर किया पूरा, घीसालाल अलावा का भारतीय युवा संसद के 32वें राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए चयन

जनोदय पंच। बड़वानी; शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक और युवा गतिविधियों में उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक और विद्यार्थी की इन उपलब्धियों पर महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

रोहतक में राष्ट्रीय एकता शिविर में सहभागिता

राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत हरियाणा के रोहतक में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में महाविद्यालय के बीएससी तृतीय वर्ष के विद्यार्थी निर्मल सिंह चौहान ने सफलतापूर्वक सहभागिता कर शिविर पूरा किया। इस राष्ट्रीय शिविर में देश के 12 राज्यों के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विविधता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं के दायित्वों को समझने का अवसर मिला।

भारतीय युवा संसद के राष्ट्रीय अधिवेशन में चयन

महाविद्यालय के लिए दूसरी उपलब्धि बीएससी प्रथम वर्ष के विद्यार्थी घीसालाल अलावा का भारतीय युवा संसद के 32वें राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए चयन होना है। यह अधिवेशन 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले स्थित ऐतिहासिक धर्मराजेश्वर में आयोजित किया जा रहा है। अधिवेशन का विषय ‘पारस्परिक संस्कृति एवं स्वबोध’ रखा गया है। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर ‘पंच परिवर्तन’ के तहत आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता से विद्यार्थी को देश की जनपदीय सांस्कृतिक धरोहर, चेतना, लोक संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा, युवा संवाद और राष्ट्रीय विचार-विमर्श से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

प्राचार्य ने दी बधाई

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। ऐसे अवसर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. आर. आर. मुवेल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर और भारतीय युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, देश की सांस्कृतिक विविधता समझने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पहचानने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि निर्मल सिंह चौहान की सफल सहभागिता और घीसालाल अलावा का चयन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों से आयोजन से प्राप्त अनुभव और ज्ञान अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने की अपेक्षा जताई।

महाविद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं

इस उपलब्धि पर डॉ. बी.एस. मुजाल्दा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दिनेश कुमार पाटीदार, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार, नोडल अधिकारी करियर सेल डॉ. सुनीता सोलंकी, डॉ. दिलीप पाटीदार, डॉ. ओमना सेनानी, डॉ. गीतांजलि दसौंधी, डॉ. अंतिम बाला जायसवाल सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और सक्रिय सहभागिता से महाविद्यालय एवं बड़वानी जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!