शराब के लिए पैसे मांगने पर हाथ ठेला संचालक पर लोहे की रॉड से हमला, सेंधवा शहर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सेंधवा। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा हाथ ठेला संचालक पर लोहे की रॉड से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 26.10.2026 को न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शंकर मंदिर के पास फरियादी अनिल पिता देवीदास चौधरी, उम्र 46 वर्ष, निवासी टैगोर बेड़ी, सेंधवा, जो हाथ ठेले पर चना, मठ एवं पापड़ बेचने का व्यवसाय करते हैं, के पास आरोपी संजू पिता प्रेम हाड़े, उम्र 38 वर्ष, निवासी लखन नगर, सेंधवा आया तथा शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
फरियादी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सेंधवा शहर में अपराध क्रमांक 352/26, धारा 296(बी), 119(1), 115(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं गिरफ्तारी*
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी संजू पिता प्रेम हाड़े, उम्र 38 वर्ष, निवासी लखन नगर, सेंधवा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
*आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड*
गिरफ्तार आरोपी संजू आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में लड़ाई-झगड़े, आर्म्स एक्ट, दंगा एवं गृह-भेदन जैसे अपराधों सहित कुल 25 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाए गए हैं।
थाना सेंधवा शहर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का संदेश दिया गया है।



