दीपावली से पहले ओझर में पुलिस अलर्ट, सराफा व्यापारियों को सुरक्षा के दिए निर्देश
थाना नांगलवाड़ी और चौकी ओझर पुलिस ने व्यापारियों के साथ की बैठक, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और संदिग्धों की सूचना देने की अपील

जनोदय पंच। आगामी दीपावली एवं लक्ष्मी पूजन पर्व को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में नांगलवाड़ी थाना और ओझर चौकी पुलिस ने सराफा व्यापारियों की बैठक लेकर दुकानों और कीमती सामान की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना नांगलवाड़ी क्षेत्र के कस्बा ओझर में थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी ओझर ने सराफा व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की।
कीमती सामान सुरक्षित रखने की सलाह
बैठक में व्यापारियों को दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही रात्रि के समय सोने-चांदी सहित अन्य कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि दुकान या बाजार क्षेत्र में कोई अनजान अथवा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। व्यापारियों से स्वयं भी सतर्क और सावधान रहने की अपील की गई।

त्योहारों पर पुलिस का सहयोग करने की अपील
पुलिस ने सभी व्यापारियों से आगामी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।



